दो शहरों में खेला जाएगा यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन, 14 अगस्त को पहला मैच और 6 सितंबर को फाइनल

दो शहरों में खेला जाएगा यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन, 14 अगस्त को पहला मैच और 6 सितंबर को फाइनल


यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से होगा. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला काशी रुद्रास और मौजूदा चैंपियन मेरठ मावेरिक्स के बीच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. यह टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा और इसका फाइनल मैच 6 सितंबर को कानपुर में होगा. लीग के इतिहास में पहली बार यह लीग दो शहरों पर खेली जाएगी. टूर्नामेंट का शुरुआती चरण लखनऊ में होगा, जहां इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 13 दिनों में 22 मैच खेले जाएंगे. इसके बाद टूर्नामेंट का दूसरा हिस्सा कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जहां बाकी 12 मैच खेले जाएंगे.

शेड्यूल की घोषणा पर यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन संजय कपूर ने कहा, “यूपी टी20 लीग हर सीजन के साथ आगे बढ़ रही है, और इस साल एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा, क्योंकि टूर्नामेंट पहली बार दो जगहों पर खेला जाएगा. शुरुआती चरण लखनऊ में होगा और उसके बाद दूसरा चरण और प्लेऑफ के मुकाबले कानपुर में खेले जाएंगे.”

ओपनिंग सेरेमनी और सीजन का पहला मैच लखनऊ में होगा, जबकि कानपुर क्लोजिंग सेरेमनी और फाइनल की मेजबानी करेगा. नॉकआउट स्टेज के मैच भी कानपुर में ही खेला जाएगा. क्वालिफायर 1 और एलिमिनेटर मुकाबला 3 सितंबर को खेला जाएगा. टूर्नामेंट का दूसरा क्वालिफायर 4 सितंबर को होगा. यूपी टी20 लीग सीजन 4 का फाइनल 6 सितंबर को खेला जाएगा.

यूपी टी20 लीग 2026 की शुरुआत रोमांचक होने की उम्मीद है. पहले वीकेंड में कई मैच खेले जाएंगे, जिसमें 15 अगस्त को नोएडा किंग्स का मुकाबला कानपुर सुपरस्टार्ज से और लखनऊ फाल्कन्स की भिड़ंत गौर गोरखपुर लायंस से होगी. 16 अगस्त को काशी रुद्रास का मुकाबला कानपुर सुपरस्टार्ज से होगा. वहीं, दिन के दूसरे मैच में मेरठ मावेरिक्स की भिड़ंत गौर गोरखपुर लायंस से होगी. 17 अगस्त को नोएडा किंग्स और लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने होंगे. इसके बाद 18 अगस्त को काशी रुद्रास की टीम गौर गोरखपुर लायंस से मुकाबला करेगी.

फैंस को 19 अगस्त को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां लखनऊ फाल्कन्स का सामना मावेरिक्स से होगा. 20 अगस्त को दो मैच (डबल-हेडर) होंगे; दोपहर में गौर गोरखपुर लायंस का मैच नोएडा किंग्स से होगा और शाम को कानपुर सुपरस्टार्ज का मुकाबला काशी रुद्रास से होगा. कानपुर लेग की शुरुआत 28 अगस्त को काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले से होगी.

यह भी पढ़ें-

16389 रन और 333 विकेट, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ने लिया संन्यास, अब इस देश से खेलना का लिया फैसला



Source link