भारतीय टीम का अगला बड़ा लक्ष्य आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 है. टीम इंडिया लगातार बड़े टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन कर रही है और अब निगाहें अगले विश्व कप पर टिकी हैं. इसी बीच भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने अपनी पसंदीदा प्लेइंग XI का चयन किया है. उनकी टीम में कुछ अपेक्षित नाम हैं, लेकिन कुछ ऐसे फैसले भी हैं जिन्होंने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा है.
रोहित और गिल पर जताया भरोसा
वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में रोहित शर्मा और शुभमन गिल को ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने कप्तानी की भूमिका भी गिल को दी है. तीसरे नंबर पर विराट कोहली को रखा गया है, जबकि मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को जगह मिली है. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी राहुल को सौंपी गई है.
ऑलराउंडर्स में हार्दिक और अक्षर को चुना
जाफर ने अपनी टीम में हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को ऑलराउंडर के तौर पर शामिल किया है. दोनों खिलाड़ियों को उन्होंने टीम का संतुलन बनाए रखने के लिए अहम माना है. हालांकि सबसे बड़ा फैसला रविंद्र जडेजा को प्लेइंग XI से बाहर रखना रहा. जाफर ने अतिरिक्त विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन को 12वें खिलाड़ी के तौर पर चुना है.
गेंदबाजी में शमी और सिराज की वापसी
वसीम जाफर की टीम में सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर हो रही है. उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को भी प्लेइंग XI में शामिल किया है. दिलचस्प बात यह है कि दोनों गेंदबाज फिलहाल भारत की वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन जाफर का मानना है कि उनका अनुभव विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. स्पिन विभाग की जिम्मेदारी उन्होंने कुलदीप यादव को सौंपी है. हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कुलदीप को मौका नहीं मिला था, लेकिन जाफर ने उन्हें अपनी टीम का प्रमुख स्पिनर चुना है.
अनुभव और संतुलन पर दिया जोर
जाफर की चुनी हुई टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिलता है. उन्होंने ऐसे खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है जो बड़े मुकाबलों का दबाव झेल चुके हैं. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका काफी अहम हो सकती है.
यह भी पढ़ें- कैसा रहा है रवींद्र जडेजा का टेस्ट में रिकॉर्ड, एक क्लिक में जानें
वसीम जाफर की चुनी हुई वर्ल्ड कप 2027 प्लेइंग XI
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज
यह भी पढ़ें- कौन है सारांश जैन? भारत की टेस्ट टीम में पहली बार मिली जगह






