घर में पोछा लगाने के बाद भी आ जाती हैं मक्खियां? हमेशा के लिए भगाने की नोट करें सीक्रेट ट्रिक

घर में पोछा लगाने के बाद भी आ जाती हैं मक्खियां? हमेशा के लिए भगाने की नोट करें सीक्रेट ट्रिक


Why Do Flies Appear After Mopping: घर की सफाई में पोछा लगाना रोजमर्रा का हिस्सा है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि फर्श चमकने के कुछ ही समय बाद घर में मक्खियां मंडराने लगती हैं. ऐसे में लोगों को लगता है कि आखिर सफाई के बाद भी मक्खियां क्यों आ रही हैं. दरअसल, सिर्फ पोछा लगाने से मक्खियों की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होती. अगर घर में कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं जो उन्हें आकर्षित करती हैं, तो वे बार-बार लौट आती हैं.

क्यों आ जाती हैं मक्खियां?

मक्खियां सबसे ज्यादा उन जगहों की ओर खिंचती हैं जहां सड़ा-गला भोजन, खुला कूड़ादान, गीला कचरा या पालतू जानवरों की गंदगी मौजूद हो. इसके अलावा, अगर पोछा लगाने के बाद फर्श या कोनों में ज्यादा नमी बनी रहती है, तो भी यह वातावरण मक्खियों को आकर्षित कर सकता है. रात के समय घर के बाहर जलने वाली तेज रोशनी भी कई बार मक्खियों और दूसरे कीड़ों को घर की ओर खींच लाती है. 

इसे भी पढ़ें- पोछा लगाते समय पानी में मिलाएं ये चीजें, सीसे की तरह चमक उठेगा घर का कोना-कोना

कैसे पा सकते हैं इनसे छुटकारा?

अगर बार-बार मक्खियां परेशान कर रही हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर उनसे राहत पाई जा सकती है. तुलसी, लैवेंडर, गेंदा और पार्सले जैसे पौधों की खुशबू मक्खियों को पसंद नहीं होती. इन्हें घर की बालकनी, खिड़की या प्रवेश द्वार के पास लगाने से मक्खियों की संख्या कम हो सकती है. फ्रूट फ्लाई जैसी छोटी मक्खियों से छुटकारा पाने के लिए सिरका और लिक्विड डिश सोप का मिश्रण भी कारगर माना जाता है. इसके लिए एक गिलास में बराबर मात्रा में पानी और सिरका मिलाएं और उसमें लिक्विड डिश सोप की कुछ बूंदें डाल दें. गिलास को प्लास्टिक रैप से ढककर ऊपर छोटे-छोटे छेद कर दें. सिरके की गंध मक्खियों को अपनी ओर आकर्षित करती है, लेकिन डिश सोप के कारण वे बाहर नहीं निकल पातीं. 

कीटनाशक का भी इस्तेमाल फायदेमंद

बाजार में मिलने वाले स्टिकी ट्रैप, लाइट ट्रैप और घर के अंदर इस्तेमाल किए जाने वाले कीटनाशक भी मक्खियों को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं. हालांकि, कीटनाशक का इस्तेमाल हमेशा निर्देशों के अनुसार ही करना चाहिए और कमरे में अच्छी तरह हवा का आने-जाने का इंतजाम रखना चाहिए. 

इन चीजों की साफ-सफाई जरूरी

मक्खियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है कि उन्हें घर में आने और पनपने का मौका ही न मिले. इसके लिए खिड़कियों और दरवाजों की जालियों को सही रखें, कूड़ेदान को हमेशा ढक्कन से बंद रखें, गीले कचरे को देर तक घर में न रखें और भोजन को हमेशा एयरटाइट डिब्बों में स्टोर करें. इसके अलावा, गंदे बर्तन लंबे समय तक सिंक में न छोड़ें और घर के आसपास पत्तियां या जैविक कचरा सड़ने न दें.

इसे भी पढ़ें- किचन सिंक से टपक रहा पानी तो अपनाएं ये ट्रिक्स, बिना प्लंबर के मिनटों में होगा ठीक



Source link