दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक की बेटी वंशिका 15 जुलाई को अपना 14वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. साल 2023 में सतीश कौशिक के निधन के बाद वंशिका पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था. ऐसे मुश्किल समय में एक्टर अनुपम खेर ने उन्हें अपनी बेटी की तरह संभाला और आज भी वो हर खास मौके पर वंशिका के साथ मजबूती से खड़े नजर आते हैं.
वंशिका के बर्थडे पर इमोशनल हुए अनुपम खेर
अनुपम खेर ने दिवंगत एक्टर और अपने करीबी दोस्त सतीश कौशिक की बेटी वंशिका को बेहद खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकमानाएं दी हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वंशिका के दो वीडियो शेयर किए है. इसके साथ एक्टर ने कुछ अनदेखी तस्वीरें भी पोस्ट की हैं. इसके साथ अनुपम ने दिल को छू लेने वाला नोट लिखा है.
भगवान तुम्हें दुनिया की सारी खुशियां दें…
अनुपम ने कैप्शन में लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, मेरी प्यारी वंशिका बेटा. भगवान तुम्हें दुनिया की सारी खुशियां, एक लंबी, सेहतमंद और खूबसूरत जिंदगी दें. तुम्हारे हर सपने को पूरा करने की हिम्मत दें. तुम मेरी बच्ची हो. जब सतीश हमारे साथ थे, तब भी मैं तुम्हें हमेशा अपनी बेटी मानता था. कुछ रिश्ते खून के रिश्तों से नहीं, बल्कि प्यार, भरोसे और अपनापन से बनते हैं. हमारा रिश्ता भी ऐसा ही है.’
ये भी पढ़ें- Main Vaapas Aaunga BO: ‘मैं वापस आऊंगा’ बनी इम्तियाज अली की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग, इस फिल्म को पछाड़ बनाया रिकॉर्ड
मुझे तुम्हारा कन्यादान करने का सौभाग्य भी मिले…
उन्होंने आगे लिखा, ‘कभी-कभी शब्दों में प्यार जताना मुश्किल होता है, लेकिन आज मैं चाहता हूं कि तुम जानो कि मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं. तुम्हारी रक्षा करने, तुम्हें सपोर्ट करने, हिम्मत देने और हर हाल में तुम्हारे साथ खड़े रहने के लिए. और कौन जाने… एक दिन, कई सालों बाद, अगर तुम शादी करने का फ़ैसला करती हो, तो शायद मुझे तुम्हारा कन्यादान करने का सौभाग्य भी मिले. वो दिन अभी दूर है, लेकिन ये सोचकर ही मेरा दिल प्यार से भर जाता है.’
मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं बेटा
अनुपम ने लिखा, ‘मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं बेटा. तुम्हारा जन्मदिन सबसे शानदार हो. मुझे यकीन है कि तुम्हारे पापा और मेरे सबसे अच्छे दोस्त सतीश ऊपर से मुस्कुरा रहे होंगे. आज तुम्हें ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भेज रहे होंगे. जन्मदिन मुबारक हो, मेरी प्यारी बच्ची. भगवान तुम्हारा भला करे. पहला वीडियो तीन साल पुराना है.’
बता दें कि मार्च 2023 में 66 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने के कारण सतीश कौशिक का निधन हो गया था. उनके जाने के बाद से ही अनुपम खेर उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.
ये भी पढ़ें- ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट अनाउंस, इस दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रहे थलपित विजय





