केरल के वायनाड जिले में मेप्पाडी-कल्लाडी सुरंग निर्माण स्थल पर मंगलवार (7 जुलाई 2026) को हुए भीषण लैंडस्लाइड में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं. 7 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. राहत एवं बचाव दल भारी मशीनों, खोजी कुत्तों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं. इस मामले को लेकर केरल की कांग्रेस सरकार के दो मंत्री ने कंस्ट्रक्शन कंपनी पर निशाना साधा.
केरल के मंत्री ने उठाए सवाल
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और कृषि मंत्री टी सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि यह प्राकृतिक हादसा नहीं था, बल्कि मेन मेड आपदा था. उन्होंने कहा कि एक टनल प्रोजेक्ट के पास बिना किसी सुरक्षा और तकनीक से मिट्टी और मलबा जमा करने की वजह से हुआ है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को पहले ही इस मलबे को हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन कंपनी ने इन आदेशों का पालन नहीं किया. इन मंत्रियों का आरोप है यहां पास में रहने वाले आठ परिवारों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करने की बात भी कही गई थी, जिसे नजरअंदाज किया गया.
कोई तकनीकी गड़बड़ी नहीं: कंस्ट्रक्शन कंपनी
कंस्ट्रक्शन कंपनी ने केरल सरकार के मंत्रियों के आरोपों खारिज कर दिया. कंपनी ने कहा कि उनका प्रोजेक्ट सभी इंजीनियरिंग, सुरक्षा और पर्यावरण नियमों के तहत ही चल रहा था. कंपनी ने बताया कि उनकी तरफ से कोई तकनीकी गड़बड़ी नहीं हुई है, जिस वजह से ये हादसा हो जाए. सीएम वीडी सतीशन ने केरल राज्य प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पुष्टि की कि ठेकेदारों को मलबा हटाने की चेतावनी पहले ही दे दी गई थी, जिसका उन्होंने पालन नहीं किया.
मेप्पाडी में हुई रिकॉर्ड बारिश
अधिकारियों ने बताया कि लापता मजदूरों की तलाश के लिए रातभर बचाव अभियान जारी रहेगा. मेप्पाडी पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी पुल के पास उस स्थान पर हुआ, जहां अनाक्कमपोयिल-कल्लाडी-मेप्पाडी सुरंग परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण खुदाई से निकली मिट्टी का विशाल ढेर ढह गया, जिससे कार्यस्थल का बड़ा हिस्सा मलबे में दब गया. पिछले 24 घंटों में मेप्पाडी में 226 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते मिट्टी धंसने की घटना हुई.






