14 टीमें, फाइनल के लिए 3 राउंड, ‘सुपर सीरीज’; 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए ICC का मास्टर प्लान

14 टीमें, फाइनल के लिए 3 राउंड, ‘सुपर सीरीज’; 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए ICC का मास्टर प्लान


ICC Format Change For World Cup 2027: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अगले साल खेले जाने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup 2027) के फॉर्मेट को लेकर बड़ा बदलाव किया है. आईसीसी ने एक रिलीज जारी करते हुए बताया कि एडिनबरा में हुई वार्षिक आम बैठक (AGM) में इन बदलावों को मंजूरी दी गई. 

आगामी विश्व कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी. अंतिम 3 टीमों के लिए ‘सुपर सीरीज’ का आयोजन होगा. इसके अलावा फाइनल में पहुंचने के लिए  कुल तीन राउंड होंगे. तो आइए डिलेट में समझते हैं कि वनडे वर्ल्ड कप को लेकर सभी बदलाव क्या है. 

तीन देशों में होगा 2027 वनडे वर्ल्ड कप, 14 टीमें लेंगी हिस्सा 

आईसीसी ने बताया कि आगामी वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में खेला जाएगा. फाइनल में पहुंचने के लिए टीमों को 3 राउंड से गुजरना होगा. 

राउंड-1, सुपर सीरीज

क्वालीफाई करने वाली 14 टीमों में से सबसे नीचे की तीन टीमें राउंड-रॉबिन ‘सुपर सीरीज’ खेलेंगी. इस सीरीज की विजेता टीम अगले राउंड में जगह बनाएगी. 

राउंड-2 (30 मैच)

बची हुई 12 टीमों को 6-6 के 2 ग्रुप में बांटा जाएगा. हर ग्रुप में राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मैच होंगे. हर ग्रुप की टॉप तीन टीमें और दोनों ग्रुप में से अगली सबसे अच्छी रैंकिंग वाली टीम सुपर 7 स्टेज में पहुंचेंगी.

राउंड-3, सुपर-7 स्टेज (21 मैच)

इस स्टेज में 7 टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले खेलेंगी, जिसमें टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. इसमें पहली और चौथी टीम के बीच एक सेमीफाइनल होगा. दूसरा सेमीफाइनल दूसरे और तीसरे नंबर की टीमों के बीच खेला जाएगा. 

2028 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी बदला फॉर्मेट 

आगामी 2028 का टी20 वर्ल्ड कप 20 टीमों के साथ जारी रखा जाएगा, जो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सह-मेजबानी में होगा. टूर्नामेंट के बदले हुए फॉर्मेट को इस तरह से तैयार किया गया है कि कॉम्पिटिशन के दूसरे स्टेज में टीमों की संख्या बढ़ाई जा सके. 

ग्रुप स्टेज (30 मैच)

20 टीमों के 5 ग्रुप में बांटा जाएगा. पिछले यानी 2026 के टी20 विश्व कप में 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया था. पांचों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-10 के लिए क्वालीफाई करेंगी. 

सुपर-10 (20 मैच)

सुपर-10 ग्रुप स्टेज में टीमों को 5-5 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिसमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मैच होंगे. हर सुपर 10 ग्रुप की विजेता टीमें सीधे सेमी-फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे. 

एलिमिनेटर (2 मैच)

सेमीफाइनल के लिए बाकी बचे हुए 2 स्थान नए ‘एलिमिनेटर राउंड’ के जरिए तय किए जाएंगे, जिसमें हर सुपर 10 ग्रुप की दूसरे नंबर पर रहने वाली टीमें दूसरे ग्रुप की तीसरे नंबर पर रहने वाली टीमों का सामना करेंगी. 

एलिमिनेटर मैच जीतने वाली टीमें सेमी-फाइनल की लाइन-अप पूरी करेंगी, जबकि सेमी-फाइनल और फइनल मौजूदा फॉर्मेट के हिसाब से ही खेले जाएंगे. 

 

यह भी पढ़ें: ICC रैंकिंग में अक्षर पटेल ने लगाई लंबी छलांग, एक मैच से हो गया कमाल; टॉप-10 में इकलौते भारतीय



Source link