भारत के कई ऐसे क्रिकेटर हैं, जो अब दूसरे देशों में जाकर इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं. यूएई, ओमान, यूएसए और कनाडा की क्रिकेट टीमों में कई भारतीय खिलाड़ी दिख जाएंगे. ऐसे ही यूपी के एक क्रिकेटर हैं विनायक शु्क्ला, जिन्हें ओमान ने अपनी इंटरनेशनल पुरुष क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया है. विनायक अब जतिंदर सिंह की जगह ओमान टीम की कमान संभालेंगे.
ओमान क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर अपने नए कप्तान की घोषणा करते हुए कहा, “एक नए अध्याय की शुरुआत. ओमान क्रिकेट गर्व के साथ विनायक शुक्ला को ओमान पुरुष क्रिकेट टीम का कप्तान घोषित करता है.” 32 साल के विनायक शुक्ला पहले ओमान टीम के उपकप्तान थे. अब जतिंदर सिंह की जगह उन्हें कप्तान बनाया गया है.
कौन हैं विनायक शुक्ला?
18 जून 1994 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे विनायक शुक्ला अपने कोच की सलाह पर बेहतर अवसरों की तलाश में साल 2021 में ओमान चले गए थे. इसके बाद उन्होंने अपने रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने के लिए ‘नेशनल मेटल कैंस’ में डेटा ऑपरेटर की नौकरी की. इसके साथ ही क्रिकेट खेलना भी जारी रखा. विनायक ने 14 दिसंबर 2024 को टी20 मैच के साथ ओमान की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके बाद 10 फरवरी 2025 को एशिया कप में नामीबिया के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया. विनायक शुक्ला ओमान के पसंदीदा विकेटकीपर बने, उन्होंने खास तौर पर टी20 क्रिकेट में मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाकर प्रभावित किया है.
विनायक शुक्ला ने अपने करियर में अब तक 15 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 26 की औसत के साथ 312 रन बनाए. वहीं 23 टी20 इंटरनेशनल में उनके बल्ले से 2 अर्धशतकों के साथ 447 रन निकले हैं. विनायक शुक्ला भारत में डोमेस्टिक क्रिकेट नहीं खेले हैं. वह बंगाल में कलकत्ता कस्टम के लिए क्लब क्रिकेट खेले हैं.
यह भी पढ़ें-
इस तेज गेंदबाज की टीम इंडिया में हुई एंट्री, IPL 2026 में नहीं मिला था एक भी विकेट






