अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है. इस बीच यूएस के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने चेतावनी दी है कि अमेरिका सिर्फ हवाई हमलों के भरोसे ईरान के साथ युद्ध नहीं जीत सकता. उन्होंने कहा कि लगातार बमबारी करने से तेहरान का रुख बदलने की संभावना कम है.
यह बयान ऐसे समय आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर हमलों को और तेज करने के लिए कहा है. दोनों देशों के बीच बढ़ते युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल बना हुआ है. मार्क एस्पर ने ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ से बात करते हुए कहा कि केवल सैन्य कार्रवाई से इस संकट का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा.
इसी बीच तेहरान के आसपास एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय होने की खबरें सामने आई हैं. ईरान के बोरूजर्द शहर के पास भी धमाकों की सूचना मिली है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन धमाकों की वजह क्या है और न ही किसी पक्ष ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है.
आसमान में अमेरिकी एयरक्राफ्ट
उधर, सार्वजनिक फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों पर अमेरिका के कुछ सैन्य विमान इलाके के ऊपर उड़ान भरते दिखाई दिए हैं. इनमें तीन KC-135 और दो KC-46A ईंधन भरने वाले विमान शामिल हैं. इसके अलावा एक E-3 AWACS विमान भी देखा गया है, जिसका इस्तेमाल हवाई निगरानी और शुरुआती चेतावनी के लिए किया जाता है.
सार्वजनिक फ्लाइट ट्रैकिंग सेवाओं पर दिखाई देने वाले विमान पूरी सैन्य गतिविधि की तस्वीर नहीं दिखाते. कई सैन्य विमान सुरक्षा कारणों से अपनी लोकेशन सार्वजनिक नहीं करते. ऐसे में वास्तविक सैन्य गतिविधि इससे कहीं अधिक हो सकती है.
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे खिलाफ काफी आक्रामक रवैया अपनाया है. अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों को तबाह करने का दावा किया है. दूसरी ओर ईरान ने भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है
यह भी पढ़ें : अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने इधर तेहरान को घेरा, उधर ट्रंप ने की ईरान की तारीफ, बोले- ‘उनकी गुडविल…’





