ईरान फिर आगबबूला, तीन तेल टैंकरों पर हमला कर रोका, ट्रंप को दी टेंशन

ईरान फिर आगबबूला, तीन तेल टैंकरों पर हमला कर रोका, ट्रंप को दी टेंशन


US Iran Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में बड़ा कदम उठाया है. ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि होर्मुज में चेतावनी की अनदेखी करने वाले तीन तेल टैंकरों को कुछ घंटे पहले निशाना बनाकर रोक दिया गया. इसके साथ ही ईरान ने साफ कर दिया है कि उसकी जब्त संपत्तियों का इस्तेमाल करने वाले किसी भी देश या कंपनी के जहाजों को होर्मुज से गुजरने नहीं दिया जाएगा.

तीन तेल टैंकरों को रोकने का दावा

ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में चेतावनी की अनदेखी करने वाले तीन तेल टैंकरों को कुछ घंटे पहले निशाना बनाकर रोक दिया गया. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है.

कुछ घंटे पहले ही दी थी बड़ी चेतावनी

इस कार्रवाई से कुछ घंटे पहले ही ईरान ने दुनिया भर के देशों और शिपिंग कंपनियों को चेतावनी जारी की थी. ईरान ने कहा था कि यदि किसी देश या कंपनी ने अमेरिका द्वारा जब्त की गई ईरानी संपत्तियों का इस्तेमाल किया, तो उसके जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

ट्रंप के फैसले के बाद बढ़ा विवाद

ईरान की शीर्ष सैन्य कमान ‘खातम अल-अंबिया’ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए यह चेतावनी जारी की. दरअसल, ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि युद्ध के दौरान जिन जहाजों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें ईरान की जब्त की गई संपत्तियों से मुआवजा दिया जाएगा. इसी बयान के बाद ईरान ने कड़ा रुख अपनाया है.

ईरानी विदेश मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का दिया हवाला

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि किसी दूसरे देश की संपत्ति को फ्रीज करके उससे ऐसे दावों का निपटारा करना, जिनका उस संपत्ति से कोई संबंध नहीं है, अंतरराष्ट्रीय नियमों को कमजोर करेगा और वैश्विक अस्थिरता को बढ़ावा देगा.

‘किसी की संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी’

अराघची ने अपनी पोस्ट में कहा कि भविष्य के दावों के लिए किसी देश की संपत्ति को फ्रीज करना उकसाने वाला कदम है. उन्होंने कहा कि जो लोग ऐसे फंड का लाभ उठाएंगे, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि यदि सरकारें संपत्तियों को फ्रीज करना सामान्य प्रक्रिया बना देंगी, तो भविष्य में किसी भी देश या संस्था की संपत्ति सुरक्षित नहीं रह जाएगी. उन्होंने कहा कि इससे पैदा होने वाली अराजकता किसी के हित में नहीं होगी और इसका असर वैश्विक व्यवस्था पर पड़ेगा.

ईरानी सैन्य प्रवक्ता ने अमेरिका को दी चेतावनी

ईरानी सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने मंगलवार को अमेरिकी प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की है कि होर्मुज के असुरक्षित मार्ग से गुजरते समय क्षतिग्रस्त हुए जहाजों को ईरान की जब्त संपत्तियों से मुआवजा दिया जाएगा.

यह भी पढ़ेंः एंटी पेपर लीक बिल पर बहस, बांसुरी स्वराज ने UPA सरकारों की लीक गिनाई

‘ईरानी संपत्ति का इस्तेमाल किया तो जहाज नहीं गुजरने देंगे’

इब्राहिम जुल्फिकारी ने कहा कि अमेरिका के इस कदम के गंभीर परिणाम हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि ईरान सभी देशों और कंपनियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी देता है कि यदि किसी ने इस बहाने ईरान की जब्त संपत्तियों का इस्तेमाल किया, तो ईरान के सशस्त्र बल उसके किसी भी जहाज को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं देंगे.



Source link