बिहार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भरोसा जताया है कि इस बार भी जनता बीजेपी को अपना समर्थन देगी. उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता का BJP और NDA के साथ गहरा जुड़ाव रहा है. नितिन नवीन ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा के समय से ही इस क्षेत्र की जनता बीजेपी के साथ खड़ी रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमेशा सेवा भाव से जनता के लिए काम किया है और इसी वजह से लोगों का भरोसा पार्टी पर बना हुआ है.
नितिन नवीन ने कहा कि जनता का आशीर्वाद इस बार भी BJP के साथ दिखाई दे रहा है. उन्हें पूरा विश्वास है कि बांकीपुर की जनता BJP प्रत्याशी नीरज सिन्हा को अपना समर्थन और आशीर्वाद देगी. उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान में जनता एक बार फिर BJP के पक्ष में फैसला करेगी. राजद और जनसुराज की चुनौती को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी ने हमेशा विकास को राजनीति का आधार बनाया है. उन्होंने कहा कि वह खुद इस क्षेत्र से 5 बार विधायक रहे हैं और उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के वीडियो बैन की सजा भुगतेगा फेसबुक! सरकार ने किया तलब
बिहार में जंगलराज जैसी स्थिति थी-नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि एक समय बिहार में जंगलराज जैसी स्थिति थी. उस दौर में महिलाएं और बेटियां घर से बाहर निकलने में भी डरती थीं, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बड़ा बदलाव आया और विकास को सरकार की पहचान बनाया गया. नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी रहेगी. उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी को जनता का समर्थन मिलता है तो विकास की गति और तेज होगी. उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि 30 जुलाई को बांकीपुर में एक बार फिर कमल खिलेगा.
हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट
पटना जिले की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे. यह उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि नितिन नवीन राज्यसभा सदस्य बनने के बाद इस सीट से इस्तीफा दे चुके हैं. वह इस सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे हैं. इससे पहले उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा भी चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वर्ष 1995 से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा रहा है.
सभी की नजर 30 जुलाई के मतदान पर
इस बार चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है. बीजेपी ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं. वहीं जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है. अब सभी की नजर 30 जुलाई के मतदान और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है, जहां यह तय होगा कि बांकीपुर की जनता किस उम्मीदवार और किस पार्टी पर अपना भरोसा जताती है.
ये भी पढ़ें: NEET आंदोलनकारियों को बिहार-असम में बड़ी राहत, बंगाल खामोश!






