रात में देर से खाना खाने की आदत सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाती है? एक्सपर्ट से समझिए पूरी बात

रात में देर से खाना खाने की आदत सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाती है? एक्सपर्ट से समझिए पूरी बात


Side Effects Of Eating Late At Night: आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी और देर तक काम करने की वजह से कई लोग रात में काफी देर से खाना खाते हैं. कुछ लोगों के लिए यह रोजमर्रा की आदत बन चुकी है, लेकिन क्या यह आदत सेहत के लिए सही है? डाइट एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसका जवाब हर व्यक्ति के लिए एक जैसा नहीं हो सकता. देर रात खाना खाने का असर आपकी सेहत, लाइफस्टाइल और पहले से मौजूद बीमारियों पर निर्भर करता है. 

देर रात खाना खाने का क्या होता है असर?

Univerity of Rochester Medical Center के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को एसिड रिफ्लक्स  या डायबिटीज जैसी समस्या है, तो देर रात खाना खाने से परेशानी बढ़ सकती है. सोने से ठीक पहले खाना खाने पर पेट में बनने वाला एसिड ऊपर की ओर आ सकता है, जिससे सीने में जलन, खट्टी डकार और गले में जलन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.  इसलिए ऐसे लोगों को सोने से कम से कम दो से तीन घंटे पहले रात का खाना खा लेना चाहिए. 

इसे भी पढ़ेंः  Brain Cancer: ब्रेन कैंसर के इलाज में नई उम्मीद, Vitamin B12 थैरेपी ने दिखाया कमाल

डायबिटीड के मरीजों के लिए क्या दिक्कत?

डायबिटीज के मरीजों के लिए भी देर रात खाना नुकसानदायक हो सकता है. तय समय से अलग भोजन करने पर ब्लड शुगर का स्तर ऊपर-नीचे हो सकता है. इससे नींद प्रभावित होती है और अगले दिन भूख भी असामान्य महसूस हो सकती है. ऐसे लोगों को डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के अनुसार ही रात के भोजन का समय तय करना चाहिए. अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी गंभीर बीमारी से नहीं जूझ रहे हैं, तो कभी-कभार देर से खाना खाना बड़ी समस्या नहीं माना जाता. हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ आदत या बोरियत की वजह से खाने से बचना चाहिए. पहले यह समझें कि आपको वास्तव में भूख लगी है या आप सिर्फ समय बिताने के लिए कुछ खा रहे हैं. 

रात में क्या खाने से बचना चाहिए?

रात में क्या खा रहे हैं, यह भी उतना ही जरूरी है जितना कि कब खा रहे हैं. अगर आपको एसिड रिफ्लक्स की समस्या है, तो सोने से पहले ज्यादा तला-भुना या मांस, चीज, अंडे और अधिक डेयरी प्रोडक्ट्स खाने से बचें. इसकी बजाय मेवे, नट बटर या हल्के पौधों से बने स्नैक्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं. वहीं डायबिटीज के मरीजों को ऐसा स्नैक चुनना चाहिए जिसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट का संतुलन हो, ताकि ब्लड शुगर नियंत्रित रहे. दांतों की सेहत के लिए भी देर रात मीठी या ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें खाना ठीक नहीं माना जाता. ऐसे खाद्य पदार्थ मुंह में लंबे समय तक शुगर छोड़ते हैं, जिससे कैविटी का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए रात में कुछ भी खाने के बाद ब्रश करना और दांतों की सफाई करना जरूरी है. 

रात में भूख लगने पर क्या करें?

अगर आपको रोज रात में भूख लगती है, तो इसकी वजह दिनभर पर्याप्त भोजन न करना, तनाव, बोरियत, इमोशनल कारण, ज्यादा एक्सरसाइज या फिर शरीर में प्रोटीन और फाइबर की कमी भी हो सकती है. ऐसे में सबसे पहले यह समझने की कोशिश करें कि भूख असली है या सिर्फ आदत. अगर सच में भूख लगी है तो हल्का और संतुलित स्नैक लें, लेकिन अगर यह सिर्फ आदत है तो उसे धीरे-धीरे बदलने की कोशिश करें.

इसे भी पढ़ेंः सुबह सिर्फ 10 मिनट का ये योगा बदल देगा आपका दिन, एनर्जी, फोकस और फिटनेस तीनों में होगा फायदा 

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link