Why Do Spider Webs Reappear So Fast: घर की अच्छी तरह सफाई करने के बाद भी अगर कुछ ही दिनों में कोनों, छत या खिड़कियों के पास फिर से मकड़ी के जाले दिखाई देने लगते हैं, तो इसका मतलब सिर्फ यह नहीं है कि सफाई ठीक से नहीं हुई. असल वजह यह है कि घर में अब भी मकड़ियां मौजूद हैं और उन्हें वहां रहने के लिए अनुकूल माहौल मिल रहा है. ऐसे में जाले हटाने से समस्या कुछ समय के लिए तो खत्म हो जाती है, लेकिन मकड़ियां दोबारा नए जाले बना लेती हैं.
क्यों मकड़ियां बनाती हैं बार-बार जाला?
दरअसल, मकड़ियों के लिए जाला सिर्फ रहने की जगह नहीं बल्कि शिकार पकड़ने का सबसे अहम तरीका होता है. अगर उनका जाला टूट जाए या हटा दिया जाए, तो वे बहुत कम समय में नया जाला बना लेती हैं. कई घरेलू मकड़ियां आधे घंटे से एक घंटे के भीतर दोबारा जाला तैयार कर सकती हैं. यही वजह है कि सुबह साफ किए गए कोनों में शाम तक फिर जाले नजर आने लगते हैं. घर के कुछ हिस्सों में जाले ज्यादा बनने की संभावना रहती है. जैसे कम इस्तेमाल होने वाले कमरे, स्टोर रूम, बेसमेंट, छत के कोने, खिड़कियों और दरवाजों के आसपास की जगहें. इन स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम होती है और उड़ने वाले छोटे कीड़े भी ज्यादा आते हैं. मकड़ियां इन्हीं कीड़ों का शिकार करने के लिए वहां अपने जाले बनाती हैं.
बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा आतंक
बारिश और गर्मी के मौसम में मकड़ियों की गतिविधियां भी बढ़ जाती हैं. इस दौरान नमी और कीड़ों की संख्या बढ़ने से उन्हें आसानी से भोजन मिल जाता है. इसलिए इन मौसमों में घर में जाले बनने की समस्या अधिक देखने को मिलती है.
इसे भी पढ़ें- पोछा लगाते समय पानी में मिलाएं ये चीजें, सीसे की तरह चमक उठेगा घर का कोना-कोना
हमेशा के लिए खत्म करने के लिए क्या करें?
अगर आप चाहते हैं कि बार-बार जाले न बनें, तो सिर्फ उन्हें हटाना काफी नहीं है. सबसे पहले घर के कोनों, खिड़कियों और छत की नियमित सफाई करें. जहां धूल और गंदगी जमा होती है, वहां मकड़ियां जल्दी जाले बनाती हैं. घर में उड़ने वाले छोटे कीड़ों को कम करने के लिए खिड़कियों पर जाली लगाएं और रात में बेवजह तेज रोशनी जलाकर न रखें, क्योंकि रोशनी की ओर कीड़े आकर्षित होते हैं.
छोटी-छोटी दरारों को भी बंद कर दें
दीवारों, दरवाजों और खिड़कियों के आसपास मौजूद छोटी-छोटी दरारों को भी बंद कर दें, ताकि मकड़ियां आसानी से घर के अंदर न आ सकें. अगर नियमित सफाई के बावजूद बड़ी संख्या में जाले बन रहे हैं या मकड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, तो यह किसी छिपे हुए इंफेक्शन का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में पेशेवर पेस्ट कंट्रोल की मदद लेना बेहतर विकल्प हो सकता है.
इसे भी पढ़ें- किचन सिंक से टपक रहा पानी तो अपनाएं ये ट्रिक्स, बिना प्लंबर के मिनटों में होगा ठीक






