सबसे ज्यादा इन फसलों को नुकसान पहुंचाती है सफेद मक्खी, 2 मिनट में ऐसे करें इनका काम तमाम

सबसे ज्यादा इन फसलों को नुकसान पहुंचाती है सफेद मक्खी, 2 मिनट में ऐसे करें इनका काम तमाम


Crop Protection Tips: खेती-किसानी में यूं तो कई तरह के कीट फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं. लेकिन सफेद मक्खी एक ऐसा दुश्मन है जो देखते ही देखते पूरी मेहनत पर पानी फेर देता है. साइज में बेहद छोटी दिखने वाली यह मक्खी इतनी खतरनाक होती है कि पत्तों का सारा रस चूस लेती है. जिससे पौधे बेजान होकर सूखने लगते हैं. सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि यह कीट बहुत तेजी दूसरे कीट पैदा करता है और एक खेत से दूसरे खेत में फैल जाता है. 

कपास, मिर्च, टमाटर और बैंगन जैसी नकदी फसलों पर इसका हमला सबसे ज्यादा देखने को मिलता है. अगर सही समय पर इसे न रोका जाए तो पूरी पैदावार प्रभावित हो सकती है. इसलिए किसानों को इसके शुरुआती लक्षणों को पहचानकर तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए.

इन फसलों पर होता है सफेद मक्खी का हमला

सफेद मक्खी कुछ खास फसलों पर सबसे ज्यादा कहर बरपाती है. कपास की खेती करने वाले किसान इस कीट से सबसे ज्यादा परेशान रहते हैं. क्योंकि यह पत्तियों को पूरी तरह से सुखा देती है. इसके अलावा टमाटर, बैंगन, भिंडी और मिर्च जैसी सब्जियों पर भी इसका हमला बहुत तेज होता है. 

यह मक्खी पत्तियों के निचले हिस्से में छिपकर उनका रस चूसती है. जिससे पत्तियां पीली पड़कर मुड़ने लगती हैं. रस चूसने के साथ-साथ यह एक चिपचिपा पदार्थ भी छोड़ती है. जिससे पत्तों पर काली फंगस जम जाती है. इसकी वजह से पौधे धूप से अपना भोजन नहीं बना पाते और उनकी ग्रोथ पूरी तरह रुक जाती है.

यह भी पढ़ें: अमरूद के पेड़ पर कीड़े लगने से पहले ही दिख जाते हैं ये संकेत, ऐसे बचाएं पैदावार

ऐसे करें इसका काम तमाम

इस खतरनाक मक्खी से अपनी फसल को बचाने के लिए महंगे और जहरीले रसायनों के बजाय आधुनिक और घरेलू तरीके ज्यादा असरदार साबित होते हैं. सबसे आसान और असरदार तरीका है खेत में पीले चिपचिपे कार्ड लगाना. सफेद मक्खी पीले रंग की तरफ तेजी से आकर्षित होती है और इस कार्ड पर चिपककर ढेर हो जाती है. 

इसके अलावा शुरुआती दौर में नीम के तेल का पानी में घोल बनाकर हर हफ्ते छिड़काव करने से भी इनका सफाया हो जाता है. अगर हमला बहुत ज्यादा बढ़ गया हो तो कृषि विशेषज्ञों की सलाह से सही कीटनाशक का सही मात्रा में छिड़काव करें. इन आसान उपायों से आप चंद मिनटों की मेहनत में अपनी फसल को पूरी तरह बचा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: बारिश के बाद फसलों में तेजी से फैलती है ये बीमारी, किसान ऐसे करें देखभाल



Source link