- केंद्र ने स्मार्टफोन, लैपटॉप बनाने के कंपोनेंट पर ड्यूटी हटाई।
- उत्पादन सस्ता होगा, ग्राहकों को जल्द दाम घटने की उम्मीद।
- छूट 2029 तक घरेलू उत्पादन, विदेशी निर्भरता घटाने को।
Smartphone And Laptop Could Become Cheaper: स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी और लैपटॉप के महंगे दामों से जूझ रहे ग्राहकों को आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिल सकती है. केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्टवॉच, फिटनेस बैंड और स्मार्ट टीवी बनाने में यूज होने वाले मैटेरियल पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) को खत्म कर दिया है. इससे कंपनियों के लिए स्मार्टफोन और दूसरे डिवाइस बनाना सस्ता हो जाएगा और इसका फायदा ग्राहकों को भी मिल सकता है. इसलिए उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ दिनों में स्मार्टफोन और लैपटॉप जैसे डिवाइसेस के दाम कुछ कम हो सकते हैं.
मार्च, 2029 तक जारी रहेगी छूट
सरकार ने घरेलू प्रोडक्शन को बढ़ाने के लिए बेसिक ड्यूटी को खत्म कर दिया है. अब डिस्प्ले असेंबली, लिथियम-आयन सेल्स और इंडक्टर कॉइल मॉड्यूल बनाने में इस्तेमाल होने वाले मैटेरियल सस्ता हो जाएगा. यह छूट 31 मार्च, 2029 तक जारी रहेगी. इसके जरिए सरकार देश में इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स का प्रोडक्शन बढ़ाना और कंपनियों की लागत कम करना चाहती है. अभी तक डिस्प्ले असेंबली और लिथियम-आयन सेल्स आदि के लिए भारत काफी हद तक चीन और वियतनाम पर निर्भर है. इस निर्भरता को खत्म करने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है. इससे घरेलू स्तर पर प्रोडक्शन बढ़ेगा और विदेशों पर निर्भरता कम होगी.
स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी और दूसरे डिवाइस हो सकते हैं सस्ते
किसी भी स्मार्टफोन, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी की कुल लागत में डिस्प्ले असेंबली और लिथियम-आयन का काफी बड़ा हिस्सा होता है. पहले इन पर 5-7.5 प्रतिशत तक बेसिक कस्टम ड्यूटी लगती थी. अब इसके हटने के बाद कंपनियों के लिए इन्हें खरीदना सस्ता हो जाएगा और उनकी मैन्युफैक्चरिंग लागत भी कम हो जाएगी. इसका फायदा ग्राहकों को देने के लिए कंपनियां भारत में बने लैपटॉप, स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी जैसे डिवाइस सस्ते कर सकती हैं.
लगातार महंगे हो रहे हैं फोन और लैपटॉप
एआई बूम के कारण स्टोरेज और मेमोरी चिप्स की कमी हो गई है. सप्लाई में कमी और दूसरी तरफ डिमांड ज्यादा होने के कारण इनकी कीमतें आसमान छू रही हैं. इस कारण स्मार्टफोन और लैपटॉप आदि बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ गई है और इसका असर इनकी कीमतों पर पड़ रहा है. यही वजह है कि ऐप्पल से लेकर सैमसंग और लेनोवो से लेकर डेल जैसी कंपनियां अपने स्मार्टफोन, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी के दाम बढ़ा रही है. अब भारत सरकार के फैसले के बाद कम से कम भारत में बने डिवाइसेस के सस्ते होने की उम्मीद जगी है.
ये भी पढे़ं-
“अकेले लोगों के लिए वरदान है AI”, एक्सपर्ट बोले- अकेलेपन को कर देगी खत्म






