यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की अमेरिका के दौरे पर हैं. यहां मंगलवार को उन्होंने अमेरिकी सीनेटरों से मुलाकात की और रूस के खिलाफ जंग के लिए एंटी बैलिस्टिक मिसाइलों की मांग रखी. इस दौरान उन्होंने बताया कि यूक्रेन रूस के खिलाफ जंग जीत रहा है. जेलेंस्की की ये बैठक ऐसे समय पर हुई, जब रूस पर प्रतिबंध लगाने और रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर भारी टैरिफ लगाने वाले बिल पर वोटिंग होने वाली थी.
जेलेंस्की ने बैठक के बाद कहा, ‘यह बिल बहुत ही महत्वपूर्ण है. रूस पर प्रतिबंधों का दबाव बहुत जरूरी है. यह सिर्फ पैसों के बारे में नहीं है कि रूस को इस युद्ध के फाइनेंस करने से कैसे रोका जाए, बल्कि ये यूरोप और खासकर यूक्रेन के लिए बड़ा संकेत है और हमारे लिए बड़ा समर्थन है.’
जेलेंस्की के साथ फिनलैंड के प्रेसिडेंट भी थे मौजूद
करीब आधे घंटे तक चली इस बैठक में जेलेंस्की के साथ फिनलैंड के प्रेसिडेंट अलेंक्जेंडर स्टब भी शामिल थे. दोनों नेता अमेरिका के सीनेटर और ट्रंप के करीबी लिंडसे ग्राहम की स्मृति सभा में भाग लेने के लिए वाशिंगटन में थे. बता दें कि लिंडसे ग्राहम रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की वकालत करते रहते थे और इस महीने की शुरुआत में अचानक मौत से पहले ही उन्होंने व्हाइट हाउस से बातचीत करके राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन हासिल कर लिया था.
यूक्रेन को एंटी बैलिस्टिक मिसाइल की जरूरत: जेलेंस्की
जेलेंस्की लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि यूक्रेन को रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत है. उन्होंने हाल ही में स्काई न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा था, ‘यूक्रेन के घरेलू उत्पादन से हम ड्रोन और अन्य चीजों को मार गिरा सकते हैं, लेकिन हम बैलिस्टिक मिसाइलों को नहीं मार सकते.’
यूक्रेनी प्रेसिडेंट ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज हमने सीनेट में दोनों पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की. इसमें 60 से ज्यादा सीनेटर मौजूद थे. उन्होंने लिखा,’इस समर्थन के लिए, हमारे सैनिकों के फ्रंट लाइन पर किए गए कामों और रूस के हमलों का सही जवाब देने की यूक्रेन की क्षमता की आपकी तारीफ के लिए धन्यवाद. हमने कई मुद्दों पर बात की, जिनमें सबसे अहम था एंटी-बैलिस्टिक डिफेंस. मदद के लिए आपकी तत्परता का धन्यवाद.’
Today in Washington, we had a major meeting with representatives of both parties in the Senate – more than 60 senators were present. Thank you for this support and for your high assessment of the results of our warriors on the front lines and Ukraine’s ability to respond justly… pic.twitter.com/RjyDVBscju
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) July 29, 2026
उन्होंने कहा, ‘यह एक अहम बात है कि आज, जब हम सीनेटर लिंडसे ग्राहम को विदाई दे रहे थे, सीनेट ने रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले उस बिल पर वोटिंग की, जिस पर उन्होंने बहुत मेहनत की थी. वोटों की गिनती के समय वहां मौजूद रहना सम्मान की बात थी- 86 सीनेटरों ने बिल का समर्थन किया. यह लिंडसे की योजनाओं को लागू करने की दिशा में पहला कदम है, और निश्चित रूप से शांति की ओर एक कदम है. यह ज़रूरी है कि यह तरीका काम करे.’
ट्रंप के साथ भी हुई जेलेंस्की की मीटिंग
‘द हिल’ के मुताबिक, जेलेंस्की ने मंगलवार को ट्रंप के साथ भी बैठक की, जिसमें उन्होंने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की मांग रखी. उन्होंने कहा कि यह रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है. हालांकि इसके उत्पादन में कई साल लग जाएंगे. जेलेंस्की ने लॉकहीड मार्टिन के अधिकारियों से भी मुलाकात की, जो पैट्रियट मिसाइलों का उत्पादन करती है.





