‘न फोन किया, न अंतिम संस्कार में आए अमिताभ बच्चन’, दिवंगत कॉमेडियन मुकरी की बेटी का छलका दर्द

‘न फोन किया, न अंतिम संस्कार में आए अमिताभ बच्चन’, दिवंगत कॉमेडियन मुकरी की बेटी का छलका दर्द


बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि दिवंगत अभिनेता मुकरी की बेटी नसीम का एक बयान है. हाल ही में एक इंटरव्यू में नसीम ने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद अमिताभ बच्चन कभी उनके घर नहीं आए और न ही परिवार से कोई संपर्क रखा. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा. 

नसीम ने किया बड़ा खुलासा
नसीम का दावा है कि साल 2000 में उनके पिता के निधन के बाद न तो अमिताभ बच्चन अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और न ही जया बच्चन ने परिवार का हालचाल जानने के लिए फोन किया. वहीं, अभिनेता ऋषि कपूर सुबह-सुबह उनके घर पहुंचे और फूट-फूटकर रो पड़े थे.

मुकरी के निधन के बाद घर नहीं आए अमिताभ बच्चन
विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में नसीम ने अपने पिता मुकरी और अमिताभ बच्चन के रिश्ते पर खुलकर बात की. जब उनसे पूछा गया कि क्या मुकरी के निधन के बाद अमिताभ बच्चन ने परिवार से रिश्ता बनाए रखा, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया. नसीम ने बताया कि अपने संघर्ष के दिनों में अमिताभ बच्चन अक्सर उनके पिता मुकरी के घर आया-जाया करते थे. उस समय वो अभिनेता महमूद के घर में उनके छोटे भाई अनवर के साथ रहते थे, लेकिन समय के साथ सब बदल गया और मुकरी के निधन के बाद अमिताभ कभी उनके घर नहीं आए. 

ये भी पढ़ें: क्यों नहीं हो पाई अभिषेक-करिश्मा की शादी? डायरेक्टर ने किया बड़ा खुलासा

फिल्मों की दोस्ती ऐसी ही होती है…
नसीम ने कहा, ‘फिल्मों की दोस्ती ऐसी ही होती है. जब तक आपकी जोड़ी हिट होती है, चाहे हीरो-हीरोइन हो, कॉमेडियन हो या विलेन, तब तक दोस्ती रहती है. लेकिन जब काम खत्म हो जाता है, तो लोग पूछते भी नहीं कि आप कौन हैं.’ जब नसीम से पूछा गया कि क्या अमिताभ बच्चन पिता के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे, तो उन्होंने साफ जवाब दिया, ‘नहीं.’

जया बच्चन ने नहीं पूछा हालचाल
नसीम ने बताया कि जया बच्चन भी उनके पिता की अच्छी दोस्त थीं. दोनों ने फिल्म ‘पिया का घर’ में साथ काम किया था. उन्होंने कहा कि उस दौर में आउटडोर शूटिंग के दौरान पूरी यूनिट एक परिवार की तरह रहती थी. इसके बावजूद पिता के निधन के बाद जया बच्चन न तो घर आईं और न ही उन्होंने फोन कर परिवार का हालचाल पूछा. हालांकि, नसीम ने ये भी कहा कि उस समय परिवार गम में डूबा था, इसलिए उनका ध्यान इस बात पर नहीं था कि कौन आया और कौन नहीं.

बच्चे की तरह रो रहे थे ऋषि कपूर
इसी इंटरव्यू में नसीम ने बताया कि जब ऋषि कपूर को उनके पिता मुकरी के निधन की खबर मिली थी, तब वो फूट-फूटकर रो पड़े थे. उन्होंने कहा, ‘ऋषि कपूर ने रात करीब 2 बजे टीवी पर पापा के निधन की खबर देखी थी. अगले ही दिन सुबह करीब 7 बजे हमारे घर की घंटी बजी. जब हमने दरवाजा खोला तो सामने ऋषि कपूर खड़े थे. वो बच्चे की तरह फूट-फूटकर रो रहे थे. पापा ने उनके साथ कई फिल्मों में काम किया था, इसलिए उनके जाने का दुख ऋषि कपूर से बर्दाश्त नहीं हो रहा था.’ 

न फोन किया, न अंतिम संस्कार में आए अमिताभ बच्चन', दिवंगत कॉमेडियन मुकरी की बेटी का छलका दर्द

2000 में मुकरी ने दुनिया को कहा अलविदा
बता दें कि मुकरी का साल 2000 में मुंबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. वो 78 साल के थे. हिंदी सिनेमा में उन्होंने अपने शानदार कॉमिक अभिनय से अलग पहचान बनाई थी. अपने लंबे करियर में उन्होंने ‘मदर इंडिया’, ‘बॉम्बे टू गोवा’, ‘लावारिस’, ‘शराबी’, ‘कुली’ और ‘अमर अकबर एंथनी’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया.

अमिताभ बच्चन और मुकरी ने इन फिल्मों में किया साथ काम
मशहूर कॉमेडियन मुकरी ने अपने लंबे करियर में अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर समेत कई बड़े सितारों के साथ काम किया. सदी के महानायक के साथ उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आती थी. ‘लावारिस’, ‘शराबी’ और ‘कुली’ जैसी फिल्मों में दोनों ने साथ काम किया. फिल्म ‘शराबी’ का मशहूर डायलॉग ‘मूंछें हो तो नत्थूलाल जैसी’ आज भी लोगों की जुबान पर है.

ये भी पढ़ें: लता मंगेशकर के सामने हुए शर्मिंदा, दिलीप कुमार ने लगाई थी फटकार, जानें संजय दत्त के दिलचस्प किस्से



Source link