विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार (7 अगस्त 2026) को उस वायरल खबर को फर्जी बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के बीच हाल ही में हुए सुरक्षा समझौते के जवाब में भारत ने इजरायल से रक्षा समझौता करने के लिए संपर्क किया है. यह दावा तुर्किए के मीडिया आउटलेट स्ट्रैटुरका की एक रिपोर्ट में किया गया था. इसके बाद सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से फैल गई. रिपोर्ट में कुछ अज्ञात पाकिस्तानी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि भारत ने पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के बीच हुए समझौते का मुकाबला करने के लिए इजरायल से रक्षा समझौता करने की मांग की है.
विदेश मंत्रालय के फैक्ट चेक विभाग ने इस दावे की जांच की. विभाग ने रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए इसे सीधे तौर पर फर्जी खबर बताया. MEA फैक्ट चेक विंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे गलत और भ्रामक पोस्ट से सावधान रहने की जरूरत है, जिनमें नकली सामग्री तैयार करने के लिए AI का इस्तेमाल किया जा रहा है. इस तरह विदेश मंत्रालय ने साफ कर दिया कि भारत की ओर से इजरायल से किसी नए रक्षा समझौते के लिए संपर्क किए जाने का वायरल दावा सही नहीं है.
Fake Alert!!! 🚨🚨🚨
We caution against such malicious posts on social media platforms which use AI to create fake content! pic.twitter.com/Zor218yW0J
— MEA FactCheck (@MEAFactCheck) August 7, 2026
ये भी पढ़ें: मानसून सत्र के आखिरी हफ्ते सदन आएंगे शाह? FCRA बिल पर संभालेंगे मोर्चा, कांग्रेस भी तैयार
पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए ने किया रक्षा समझौता
MEA का यह स्पष्टीकरण पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के बीच ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर हस्ताक्षर होने के कुछ घंटे बाद आया. यह समझौता तीनों देशों के बीच सैन्य सहयोग और एक-दूसरे की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस समझौते का मकसद तीनों देशों के बीच सामूहिक सुरक्षा को मजबूत करना है. समझौते के तहत तीनों देशों में से किसी एक पर होने वाले सशस्त्र हमले को सभी के खिलाफ हमला माना जाएगा. समझौते में रक्षा के कई क्षेत्रों में तीनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की भी बात कही गई है.
समझौते पर नजर है-भारत
पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के बीच हुए समझौते पर भारत ने भी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. शुक्रवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भारत इस घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहा है और आगे की जानकारी से अवगत कराया जाएगा.
नेतन्याहू ने PM मोदी को किया फोन
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच गुरुवार को फोन पर बातचीत हुई. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत और इजरायल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की. दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की भी समीक्षा की. शुक्रवार की मीडिया ब्रीफिंग में रणधीर जायसवाल ने बताया कि फोन कॉल इजरायल की ओर से किया गया था. उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों, दोस्ती और अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई.
ये भी पढ़ें: एक पर हमला, तीनों पर माना जाएगा अटैक! पाक-सऊदी-तुर्किए डिफेंस डील पर क्या बोला भारत






