National Horticulture Mission: पारंपरिक फसलों में लगातार घटते मुनाफे और बढ़ते रिस्क के बीच अब देश के किसान बागवानी फसलों की तरफ तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं. फल, सब्जियां, मसाले और फूलों की खेती न सिर्फ कम समय में बेहतर रिटर्न देती है. बल्कि यह कमाई का एक पक्का जरिया भी बन चुकी है. इसी बदलाव को रफ्तार देने के लिए सरकार राष्ट्रीय बागवानी मिशन के जरिए किसानों को बहुत बड़ा सपोर्ट दे रही है.
इस सरकारी योजना का मुख्य मकसद किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित करना है. अक्सर जानकारी के अभाव में छोटे और मंझले किसान इस तरह की बेहतरीन स्कीम्स का पूरा फायदा नहीं उठा पाते हैं. अगर सही तरीके से इस मिशन के नियमों को समझ लिया जाए तो खेती की लागत को आधा करके बंपर मुनाफा कमाया जा सकता है.
क्या है राष्ट्रीय बागवानी मिशन?
राष्ट्रीय बागवानी मिशन केंद्र सरकार की एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत नए बाग लगाने, पॉलीहाउस बनाने, आधुनिक नर्सरी तैयार करने और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के लिए भारी-भरकम सब्सिडी दी जाती है. इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए किसान के पास अपनी कृषि योग्य भूमि होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: जुलाई में गोभी की बुवाई से बढ़ सकती है कमाई, किसानों के लिए सही मौका
किसे मिलेगी सब्सिडी?
योजना के तहत अलग-अलग राज्यों और कैटेगरी के हिसाब से 40% से लेकर 85% तक की वित्तीय सब्सिडी सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है. इसका मतलब कि अगर आप बड़े पैमाने पर फलों के बाग लगाना चाहते हैं या ड्रिप इरिगेशन सिस्टम सेटअप करना चाहते हैं. तो उसका एक बड़ा खर्च सरकार खुद उठाएगी. इसके अलावा स्वयं सहायता समूह और किसान उत्पादक संगठन भी इस योजना से जुड़कर बड़ा फायदा कमा सकते हैं.
क्या है आवेदन का तरीका?
इस सरकारी योजना में आवेदन करने के लिए अपने नजदीकी जिला उद्यान विभाग के ऑफिस में जाकर या उनकी ऑफिशियल वेबसाइट पर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं. आवेदन करते समय कुछ जरूरी कागजात अपने पास तैयार रखने होंगे जैसे कि आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी, जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज और पासपोर्ट साइज फोटो.
फॉर्म जमा होने के बाद उद्यान विभाग के अधिकारी खेत का वेरिफिकेशन करते हैं और प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलते ही सब्सिडी की रकम जारी कर दी जाती है. देर करने के बजाय सही समय पर कागजी कार्रवाई पूरी करके इस स्कीम से जुड़ना आपकी खेती को एक नए और मुनाफे वाले दौर में ले जाएगा.
यह भी पढ़ें: मीठा पानी या खारा पानी… किस झींगे की खेती में ज्यादा मुनाफा है? समझ लें पूरा गणित






