अगर आप बाजार से पैकेट वाला पनीर खरीदते समय उस पर लिखे ‘Fresh’, ‘Healthy’ या ऐसे ही दूसरे दावों को देखकर फैसला करते हैं तो यह खबर आपके लिए है. अब देश का फूड रेगुलेटर FSSAI ऐसे दावों पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है. इसी कड़ी में अब Heritage Foods को नोटिस जारी किया गया है.
FSSAI ने कंपनी के Heritage Fresh Paneer पर लिखे ‘फ्रेश’ और ‘Healthy Happiness’ जैसे दावों पर सवाल उठाए हैं. रेगुलेटर का कहना है कि पैकेट पर लिखा हर दावा नियमों के मुताबिक होना चाहिए. अगर कोई दावा ग्राहकों को गलत संदेश देता है या भ्रम पैदा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
क्या है पूरा मामला?
FSSAI को Heritage Fresh Paneer को लेकर शिकायत मिली थी. इसके बाद जांच की गई. जांच में रेगुलेटर ने दो मुख्य आपत्तियां दर्ज कीं. पहली आपत्ति ‘फ्रेश’ शब्द को लेकर है. FSSAI का कहना है कि कंपनी का प्रॉडक्ट ‘फ्रेश’ शब्द के इस्तेमाल के लिए तय शर्तों को पूरा नहीं करता. ऐसे में पैकेट पर ‘Fresh Paneer’ लिखना ग्राहकों को गुमराह कर सकता है.
दूसरी आपत्ति ‘Healthy Happiness’ नाम में इस्तेमाल किए गए ‘हेल्दी’ शब्द पर है. FSSAI के मुताबिक, इससे ग्राहकों को यह संदेश जा सकता है कि यह प्रोडक्ट अपने आप में सेहत के लिए खास तौर पर फायदेमंद है. ऐसे दावों के लिए अलग नियम हैं और उनका पालन करना जरूरी है.
क्या है आजकल का ट्रेंड?
आजकल ज्यादातर लोग पैकेट पर लिखे शब्द देखकर सामान खरीदते हैं. ‘Fresh’, ‘Healthy’, ‘Natural’, ‘No Added Sugar’ और ‘Heart Healthy’ जैसे दावे लोगों को यह भरोसा दिलाते हैं कि प्रॉडक्ट बेहतर या ज्यादा सेहतमंद है, लेकिन अगर ऐसे दावों का वैज्ञानिक या कानूनी आधार नहीं है तो ग्राहक गलत जानकारी के आधार पर खरीदारी कर सकता है.
क्या है FSSAI का मकसद?
इसी वजह से FSSAI अब सिर्फ खाने की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि पैकेट पर लिखे हर दावे की भी जांच कर रहा है. इसका मकसद यह है कि कंपनियां सिर्फ मार्केटिंग के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करें और उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिले. अब किसी भी कंपनी के लिए पैकेट पर आकर्षक दावे लिख देना काफी नहीं है. अगर ‘फ्रेश’, ‘हेल्दी’, ‘नेचुरल’ या किसी दूसरे दावे का इस्तेमाल किया जाता है तो उसे नियमों के मुताबिक साबित भी करना होगा।
पनीर पर खास नजर क्यों?
FSSAI पिछले कुछ समय से पनीर को लेकर भी खास सतर्क है. बाजार में नकली या एनालॉग पनीर को असली पनीर बताकर बेचने की शिकायतें बढ़ी हैं. इसी वजह से रेगुलेटर पनीर की गुणवत्ता के साथ-साथ उसकी पैकेजिंग और उस पर लिखे दावों की भी जांच कर रहा है. कुल मिलाकर यह कार्रवाई सिर्फ एक कंपनी के खिलाफ नहीं है. यह उन सभी फूड कंपनियों के लिए संदेश है, जो अपने प्रॉडक्ट बेचने के लिए बड़े-बड़े दावे करती हैं. आने वाले समय में पैकेट पर लिखा हर दावा जांच के दायरे में होगा.
ये भी पढ़ें: आप जो पैकेज्ड फूड खरीद रहे हैं, कहीं वह रीपैक्ड और एक्सपायर तो नहीं? जानें चेक करने के तरीके






