Giridih Kanwar Yatra: झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया निवासी विराट सिंह ने एक बार फिर अपनी अटूट आस्था और शिवभक्ति का परिचय देते हुए 51 लीटर पवित्र जल के साथ अपनी कांवड़ यात्रा शुरू की. यात्रा प्रारंभ करने से पहले उन्होंने सरिया स्थित प्रसिद्ध उत्तरवाहिनी नदी राजदाह धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की.
इस अवसर पर राजदाह धाम ट्रस्ट के सदस्यों ने विराट सिंह का अंगवस्त्र, पुष्पमाला और फल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश भारती ने बताया कि विराट सिंह लगातार चौथी बार राजदाह धाम से पवित्र जल लेकर पैदल बाबा बासुकिनाथ धाम में जलार्पण करने के लिए रवाना हुए हैं. उन्होंने कहा कि विराट सिंह की यह श्रद्धामयी यात्रा पूरे सरिया क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है.
विराट सिंह हर वर्ष इस कठिन पैदल यात्रा के माध्यम से बाबा बासुकिनाथ के शिवलिंग पर जल अर्पित करते हैं. इसके बाद वह अपनी यात्रा का समापन बाबा नगरी देवघर में करते हैं, जहां भगवान शिव से क्षेत्र के विकास, सुख-शांति, समृद्धि और सभी शिवभक्तों के कल्याण की प्रार्थना करते हैं.
Giridih Kanwar yatra 2026 pic.twitter.com/OUwlhBvyCF
— Jagrati soni (@jasmin_soni) July 6, 2026
विराट सिंह ने बताया कि उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देने का भी माध्यम है. उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों का स्नेह, सहयोग और उत्साह उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. यही प्रेम और आशीर्वाद उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है.
विदाई के समय राजदाह धाम परिसर में बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे. बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने विराट सिंह का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की और बाबा भोलेनाथ से उनके संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की.
Rashifal 7 July 2026: मेष से मीन तक राशिफल, हनुमान जी और काल भैरव की कृपा से किसका चमकेगा भाग्य
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.






