- भट्टी ने सोशल मीडिया से भर्ती कर, कट्टरपंथी बनाए।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हरियाणा के अंबाला स्थित बलदेव नगर पुलिस स्टेशन के बाहर जनवरी 2026 में हुए IED कार बम धमाके के मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी समेत 8 आरोपियों के खिलाफ पंचकूला स्थित विशेष NIA अदालत में चार्जशीट दाखिल की है.
NIA के अनुसार, शहजाद भट्टी इस साजिश का मास्टरमाइंड और पाकिस्तान में बैठा हैंडलर था. उसके अलावा जिन सात भारतीय आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, जिनके नाम – करमजीत सिंह उर्फ टोनी, आकाश, सौरभ उर्फ सोबी, रमन कुमार, सत्यम, सुखदेव सिंह उर्फ सुखा, अमरजीत सिंह उर्फ अंबी है. इन सभी पर UAPA की धारा समेत अलग-अलग धाराओं में चार्जशीट दाखिल की गई है.
एनआईए की जांच में क्या हुआ खुलासा?
NIA की जांच में खुलासा हुआ कि शहजाद भट्टी ने भारत में अपना आतंकी नेटवर्क तैयार किया था और स्थानीय सहयोगियों को पुलिस ठिकानों पर हमले के लिए विस्फोटक और अन्य लॉजिस्टिक की व्यवस्था करने का जिम्मा सौंपा था. आकाश भारत में भट्टी का प्रमुख ऑपरेटिव था, जो बाकी आरोपियों के साथ हमले की पूरी योजना का समन्वय कर रहा था.
पुलिस स्टेशन की पहले की गई थी रेकी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले संभावित ठिकानों की रेकी की और उसके बाद गैस सिलेंडरों और विस्फोटक पदार्थों से भरी कार को बलदेव नगर पुलिस स्टेशन के परिसर में खड़ा किया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया, ताकि उसका प्रचार-प्रसार किया जा सके और लोगों में दहशत फैले.
सोशल मीडिया के जरिए भर्ती किए गए थे कट्टरपंथी
NIA के अनुसार, शहजाद भट्टी ने सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए आरोपियों की भर्ती की और उन्हें कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया. डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक, दस्तावेजी और फॉरेंसिक साक्ष्यों से यह भी पुष्टि हुई कि हमले की पूरी योजना के दौरान आरोपी लगातार अपने पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे.
NIA का कहना है कि जांच में भर्ती, फंडिंग, हमले की योजना, विस्फोटक जुटाने और आतंकी वारदात को अंजाम देने की पूरी साजिश का खुलासा हो चुका है. एजेंसी का कहना है कि यह पूरा ऑपरेशन शहजाद भट्टी के निर्देशों पर संचालित किया गया था. मामले की जांच अभी भी जारी है.
यह भी पढ़ेंः PFI पर NIA ने कसा शिकंजा! 21 आरोपियों पर कोर्ट ने तय किए गंभीर आरोप, 29 जुलाई से शुरू होगी अहम सुनवाई






