Nitish Kaushal Arrested: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने भारत से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल को गिरफ्तार कर लिया है. नीतीश कौशल पंजाब के कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग का कथित सदस्य है और कुछ दिन पहले ही उसे FBI की ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया गया था. उस पर हत्या, अपहरण, ड्रग तस्करी, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं.
FBI ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
FBI ने गुरुवार को बताया कि अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने नीतीश कौशल को वर्मोंट से गिरफ्तार किया है. एजेंसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उसके प्रोफाइल पर “Captured” यानी गिरफ्तार का टैग भी लगा दिया है. हालांकि, गिरफ्तारी कब और किस एजेंसी ने की, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है.
कई गंभीर मामलों में है आरोपी
FBI के मुताबिक, नीतीश कौशल जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप (Bhagwanpuria OCG) का सक्रिय सदस्य है. इस गिरोह की शुरुआत पंजाब से हुई थी, लेकिन इसकी गतिविधियां अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई इलाकों तक फैली हुई थीं. जांच एजेंसी का आरोप है कि कौशल ने गिरोह की ओर से अपहरण, हिंसक हमलों और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें : कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बाद केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, डीजल और ATF पर बढ़ाया विंडफॉल टैक्स
RICO कानून के तहत दर्ज हुआ मामला
25 जून 2026 को लॉस एंजिलिस की अमेरिकी संघीय अदालत ने नीतीश कौशल के खिलाफ RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations Act) के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. यह कानून संगठित अपराध से जुड़े पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए बनाया गया है. इसके तहत किसी अपराधी संगठन का हिस्सा बनने और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने पर कड़ी सजा का प्रावधान है.
RICO कानून क्या है?
RICO कानून 1970 में अमेरिका में लागू किया गया था. इसका उद्देश्य सिर्फ अपराध करने वाले व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे आपराधिक नेटवर्क और उसके संचालकों पर कार्रवाई करना है. इस कानून के तहत रंगदारी, रिश्वत, धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य संगठित अपराधों के मामलों में दोषी पाए जाने पर प्रत्येक आरोप में 20 साल तक की जेल और अवैध संपत्ति जब्त की जा सकती है.
ऑपरेशन हार्ड बॉल के बाद बड़ी कार्रवाई
नीतीश कौशल की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब कुछ सप्ताह पहले अमेरिकी एजेंसियों ने “ऑपरेशन हार्ड बॉल” के तहत भारत से जुड़े तीन संगठित अपराध गिरोहों के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया था. FBI का कहना है कि संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.





