किसी का फटा सिर, किसी के कान…, फ्लाइट टर्बुलेंस से जख्मी पैसेंजर की आपबीती

किसी का फटा सिर, किसी के कान…, फ्लाइट टर्बुलेंस से जख्मी पैसेंजर की आपबीती


फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-2379) में मंगलवार (04.08.2026) को एयर टर्बुलेंस से कई यात्री जख्मी होने की खबर है. प्लाइट हवा में अचानक से हिचकोले लेने लगी. यात्रियों मे किसी के सिर में चोट आई है, तो किसी को कान में चोट लगी है. सभी घायल यात्रियों को IGI एयरपोर्ट से एंबुलेंस से हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया है. एयर टर्बुलेंस से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने भी आए हैं.

कुछ वीडियो में देखा जा रहा है कि विमान अचानक से हिलने डुलने लगा. इससे बिना सीट बेल्ट वाले यात्री हवा में उछल गए. इस तरह की तस्वीरें फ्लाइट के अंदर भयानक टर्बुलेंस का मंजर दिखा रही है. 

ANI न्यूज एजेंसी से बात करते हुए एक यात्री ने बताया, ‘फ्लाइट को उड़े हुए डेढ़ घंटा हो चुका था. सुबह का समय था. हम फ्लाइट के अंदर सो रहे थे. चलते-चलते फ्लाइट अचानक रुकी और मुड़ गई. यह 2-3 मिनट तक ऐसे ही चलती रही. 15-20 यात्री घायल हो गए. फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग थे. हम एयर इंडिया के खिलाफ जरूर कार्रवाई करेंगे.’

यात्री ने बताया कि फ्लाइट पूरी घूम गई. इससे यात्रियों को गंभीर चोट आई है. कान का पर्दा भी फट गया है. इसके अलावा किसी का कंधे में चोट आई है. किसी का सिर फट गया. 

एयरलाइन ने अपने बयान में क्या जानकारी दी? 
एयरलाइन के मुताबिक, ‘विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा और सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकल गए. कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है. विमान में 134 यात्री सवार थे. एयरलाइन सूत्रों का कहना है कि एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट AI-2379 जब दिल्ली उतरने वाली थी, उसी दौरान अचानक ‘क्लियर एयर टर्बुलेंस’ की चपेट में आ गई. क्लियर एयर टर्बुलेंस ऐसा झटका होता है, जो साफ आसमान में अचानक लगता है. इसमें बादल, बारिश या तूफान नहीं होता इसलिए पायलट के लिए भी पहले से इसका पता लगाना मुश्किल होता है. इस घटना में विमान को उतरने से पहले अचानक तेज झटके लगे. विमान को भी मामूली नुकसान पहुंचा है. हालांकि विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कर ली. यानी मौसम सामान्य दिख रहा था लेकिन हवा के तेज और अचानक बदलते बहाव की वजह से विमान को जोरदार झटके लगे.’

DGCA ने कहा- क्रू मेंबर का सदस्य गंभीर रूप से घायल, घटना की जांच की जा रही

वहीं, पूरे मामले पर डीजीसीए का बयान भी आया है. DGCA अधिकारी ने कहा, ‘एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान की ऊंचाई अचानक 300 फुट कम हो गई. पायलट ने चालक दल के एक सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी है. एअर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान के बीच हवा में असंतुलित होने की घटना की जांच की जा रही है.’

अस्पताल ने जारी किया बयान, वसंत कुंज समेत इन अस्पताल में भर्ती पैसेंजर्स

जानकारी के मुताबिक, फोर्टिस वसंतकुंज में 7, स्पाइनल इंजरी सेंटर में 2 और मेदांता में 4 लोगों को एडमिट किया गया है. वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल का कहना है, ‘ताजा जानकारी के अनुसार 7 यात्री फोर्टिस फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजन ढाल पहुंचे हैं. उन्हें इमरजेंसी डिपार्टमेंट में एडमिट किया गया है. अस्पताल पहुंचते ही सभी मरीजों की तुरंत जांच की गई. बिना किसी देरी के इलाज शुरू कर दिया गया है. मरीजों की हालत स्थिर होने के बाद अस्पताल की तरफ से बेहतर तालमेल और संसाधनों के सही इस्तेमाल के लिए कोड येलो लागू किया गया है.’

अस्पताल का कहना है, ‘हालत स्थिर होने के बाद मरीजों को जरूरी रेडियोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जाएगा. अब उन्हें आगे की निगरानी और इलाज के लिए उनके संबंधित इनपेशेंट कमरों में भेजा जा रहा है. अस्पताल में एयर इंडिया की एक खास कॉर्डिनेशन टीम भी है. यह क्लिनिकल और एडमिनिस्ट्रेशन टीमों के साथ मिलकर मरीजों की देखभाल, कागजी कार्रवाई, लॉजिस्टिक्स और यात्रियों के परिवारों से बातचीत में मदद कर रही है. मेडिकल टीमें अभी हर मरीज की जांच कर रही है.’





Source link