IRCTC Goa Delight Air Tour Package 2026: अगर आप बारिश के मौसम या सितंबर में गोवा घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन आपके लिए खास एयर टूर पैकेज लेकर आया है. इस पैकेज के तहत पर्यटक कम खर्च में गोवा के खूबसूरत समुद्र तटों, प्राकृतिक नजारों और स्थानीय संस्कृति का आनंद ले सकते हैं. पैकेज में आने-जाने की फ्लाइट, होटल में ठहरने, नाश्ता और डिनर सहित कई सुविधाएं शामिल हैं.
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन के इस पैकेज का नाम ‘गोवा डिलाइट’ है और इसका पैकेज कोड SHA03 है. यात्रा हैदराबाद एयरपोर्ट से फ्लाइट के जरिए कराई जाएगी. यह टूर दो बैच में आयोजित होगा। पहली यात्रा 26 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि दूसरी 9 सितंबर 2026 को रवाना होगी. दोनों पैकेज 4 दिन और 3 रात के हैं.
कहां-कहां घूम सकेंगे आप?
यात्रा के दौरान पर्यटक गोवा के प्रसिद्ध समुद्र तटों जैसे कोलवा, कैंडोलिम, मीरामार, अंजुना और वरका बीच का आनंद ले सकेंगे. अरब सागर के किनारे बसे इन बीचों की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण पर्यटकों को यादगार अनुभव देगा. पहले बैच में 26 अगस्त को इंडिगो की फ्लाइट से हैदराबाद से गोवा (मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के लिए उड़ान भरी जाएगी. वापसी 29 अगस्त को गोवा से हैदराबाद होगी. वहीं दूसरे बैच में 9 सितंबर को प्रस्थान और 12 सितंबर को वापसी होगी.
कितना होगा खर्च?
अगर पैकेज की कीमत की बात करें तो अगस्त बैच में ट्रिपल शेयरिंग पर प्रति व्यक्ति 21,000 रुपये, डबल शेयरिंग पर 21,500 रुपये और सिंगल ऑक्यूपेंसी पर 26,950 रुपये खर्च होंगे. वहीं सितंबर बैच में ट्रिपल शेयरिंग का किराया 18,680 रुपये, डबल शेयरिंग का 19,200 रुपये और सिंगल ऑक्यूपेंसी का 24,640 रुपये रखा गया है. बच्चों के लिए भी अलग-अलग श्रेणी के अनुसार स्पेशल शुल्क निर्धारित किया गया है.
क्या-क्या मिलेंगी सुविधा?
इस पैकेज में हैदराबाद से गोवा और वापसी की हवाई यात्रा, गोवा में 4-स्टार होटल नीलम्स द ग्रैंड में 3 रात ठहरने की व्यवस्था, तीन नाश्ते और तीन डिनर, एसी वाहन से स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर, ट्रैवल इंश्योरेंस, इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन एस्कॉर्ट की सुविधा और सभी लागू टैक्स शामिल हैं. हालांकि कुछ सुविधाएं इस पैकेज का हिस्सा नहीं हैं. हैदराबाद एयरपोर्ट तक आने-जाने का खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना होगा. लंच, फ्लाइट में मिलने वाला भोजन, मंडोवी रिवर क्रूज, गाइड शुल्क, व्यक्तिगत खर्च, लॉन्ड्री, मिनरल वाटर, टिप्स और अन्य अतिरिक्त सेवाओं का भुगतान अलग से करना होगा. यदि एयरफेयर, एयरपोर्ट टैक्स या फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी होती है, तो उसका अतिरिक्त शुल्क भी यात्रियों को देना होगा.






