‘इजरायल के हमले के बाद कैसे करें अमेरिका का भरोसा’, बोले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची

‘इजरायल के हमले के बाद कैसे करें अमेरिका का भरोसा’, बोले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची


Iran Israel War: ईरान इजरायल में जंग जारी है. दोनों पक्षों में अभी तक सीजफायर को लेकर कोई बात नहीं बनी है. ऐसे में ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान को नहीं पता कि इजरायली हमले के बाद वह अमेरिका पर कैसे भरोसा कर सकता है.

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार (20 जून, 2025) को एनबीसी न्यूज के साथ एक इंटरव्यू के दौरान वॉशिंगटन पर कूटनीति के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया. अराघची ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को समाधान को लेकर बातचीत करने के लिए अपना दृढ़ संकल्प दिखाना चाहिए.

‘अमेरिकी वार्ता इजरायलियों के लिए एक कवर थी’
ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि वह शांति वार्ता में अमेरिका पर भरोसा करने को लेकर अनिश्चित है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वार्ता उनके देश पर इजरायली हमलों के लिए एक कवर थी. उन्होंने कहा कि हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि अमेरिका की तरफ से की गई वार्ता वास्तव में इजरायलियों के किए गए कार्यों के लिए एक कवर थी.

इस्लामिक सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए अराघची शुक्रवार रात तुर्की पहुंचे. 57 देशों का ये मुस्लिम संगठन दुनिया भर में मुस्लिमों की सामूहिक आवाज का प्रतिनिधित्व करता है.

इस्तांबुल में ईरानी मीडिया से बात करते हुए अराघची ने कहा कि वह ईरानी लोगों की निर्दोष और सही आवाज को सुनाने के लिए इस अवसर का पूरा उपयोग करेंगे. मंत्री ने कहा कि उनकी तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन और अन्य अधिकारियों से मिलने की भी योजना है.

‘इजरायल अमेरिका के समर्थन से कर रहा हमले’ 
अमेरिका को बीते रोज चेतावनी देते हुए ईरान के उप राजदूत मोहम्मद जावेद हुसैनी ने कहा कि यह इजरायल और ईरान का संघर्ष है. ऐसे में किसी तीसरे पक्ष का इसमें आना और जटिलता बढ़ाएगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका को डेडलाइन तय करने का अधिकार किसने दिया जो वह ऐसी बात कर रहे हैं. हम अमेरिका पर भरोसा नहीं करते हैं, क्योंकि इजरायल अमेरिका के समर्थन से ही ऐसी कार्रवाई कर रहा है. 

ये भी पढ़ें:

पाकिस्तान के साथ कब बहाल होगी सिंधु जल संधि? अमित शाह ने दिया ऐसा जवाब सुनकर शहबाज शरीफ की उड़ जाएगी नींद



Source link