बलूचिस्तान में सुसाइड अटैक, ग्वादर में मार गिराए PAK पैरामिलिट्री के 30 जवान, BLA का बड़ा दावा

बलूचिस्तान में सुसाइड अटैक, ग्वादर में मार गिराए PAK पैरामिलिट्री के 30 जवान, BLA का बड़ा दावा


बलूचिस्तान के ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप पर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है. संगठन का दावा है कि इस हमले में 30 से ज्यादा पैरामिलिट्री जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं. 

BLA ने बयान जारी कर कहा कि विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने जिवानी में पनवान कोस्ट गार्ड बेस को निशाना बनाया. संगठन ने इस हमले को एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत किया गया ‘आत्मघाती वाहन-जनित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (SVBIED) हमला बताया.

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, BLA के प्रवक्ता जीयांद बलोच ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “इस जबरदस्त धमाके के कारण कोस्ट गार्ड का मजबूत कैंप पूरी तरह मलबे के ढेर में बदल गया.” बयान में आगे कहा गया, “हमले के तुरंत बाद हमारे संगठन की फतेह स्क्वाड ने तेजी से आगे बढ़ते हुए कैंप पर चारों तरफ से हमला किया.”

मारे गए 30 पाकिस्तानी जवान

हमले की जिम्मेदारी लेते हुए समूह ने दावा किया कि धमाके ने कैंप को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है और सुरक्षाकर्मियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया. BLA ने आगे दावा किया कि पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों के 30 से ज्यादा सदस्य मारे गए, जबकि दर्जनों अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. 

BLA प्रवक्ता ने क्या बताया

BLA प्रवक्ता ने कहा, “घायलों की गंभीर हालत और मलबे में दबे लोगों को देखते हुए दुश्मन के हताहतों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है.” BLA के मीडिया विंग हक्कल ने आत्मघाती हमले का 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया. इस वीडियो में कथित तौर पर धमाके से कुछ पल पहले विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसता हुआ और उसके बाद आग का एक बड़ा गोला उठता हुआ दिखाई दे रहा है.

पाकिस्तान का नहीं आया बयान

वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी अधिकारियों ने BLA के हताहतों के दावों की तत्काल पुष्टि नहीं की है और न ही इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. बता दें कि BLA एक प्रतिबंधित अलगाववादी समूह है, जिसने बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों की जिम्मेदारी ली है.

ये भी पढ़ें

PAK में विदेशी महिलाओं को किडनैप करता था इशाक डार का रिश्तेदार, FIR दर्ज करने वाले SHO को मरियम नवाज ने किया सस्पेंड



Source link