रातोंरात गोरा बनाने वाली क्रीमों में मिला जरूरत से ज्यादा मरकरी और लेड, इससे कितना नुकसान?

रातोंरात गोरा बनाने वाली क्रीमों में मिला जरूरत से ज्यादा मरकरी और लेड, इससे कितना नुकसान?


Maharashtra FDA Warning On Fairness Creams: त्वचा को कुछ ही दिनों में गोरा और चमकदार बनाने का दावा करने वाली कई क्रीमों पर अब गंभीर सवाल उठ गए हैं. महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने ऐसी पांच कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में तय सीमा से कई गुना ज्यादा मरकरी और लेड पाए जाने के बाद लोगों को इनके इस्तेमाल से बचने की चेतावनी दी है. जांच में यह भी सामने आया कि कुछ उत्पादों पर निर्माण और एक्सपायरी डेट जैसी जरूरी जानकारी तक नहीं दी गई थी. इसके बाद इन उत्पादों के निर्माण और बिक्री को लेकर जांच शुरू कर दी गई है. 

किन प्रोडक्ट को लेकर उठे सवाल?

FDA की जांच में जिन प्रोडक्ट्स के नाम सामने आए हैं, उनमें Goree Beauty Cream, Goree Beauty Whitening Body Lotion, Goree Whitening Soap, Face Fresh Gold Plus तथा Golden Star Beauty Cream शामिल हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि ये भारी धातुएं शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकती हैं और लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

इससे कितना खतरा होता है?

डॉ. तुषार पलवे के मुताबिक, मरकरी को अवैध रूप से स्किन व्हाइटनिंग क्रीम में इसलिए मिलाया जाता है क्योंकि यह मेलानिन बनने की प्रक्रिया को रोक देता है. इसकी वजह से 10 से 15 दिनों के भीतर त्वचा पहले से ज्यादा गोरी दिखाई देने लगती है. हालांकि इसका लगातार इस्तेमाल किडनी, दिमाग और शरीर के दूसरे अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. उनका कहना है कि अगर क्रीम में मरकरी की मात्रा बहुत ज्यादा हो तो 10 से 12 दिनों में ही किडनी पर असर शुरू हो सकता है, जबकि कम मात्रा होने पर भी कई महीनों तक रोजाना इस्तेमाल करने से नुकसान धीरे-धीरे बढ़ता रहता है. 

इसे भी पढ़ें-Heart Fights Cancer: दिल धड़क रहा है यानी कैंसर से लड़ रहा है, नई स्टडी से जागी उम्मीद

सिर्फ स्किन ही नहीं, इनको भी होता है नुकसान

हालांकि इसका असर केवल त्वचा तक सीमित नहीं रहता. मरकरी त्वचा के जरिए शरीर में प्रवेश कर किडनी और बोन मेरो में जमा हो सकता है. डॉक्टरों के मुताबिक, इससे किडनी की काम करने की क्षमता धीरे-धीरे प्रभावित होने लगती है और गंभीर मामलों में डायलिसिस तक की नौबत आ सकती है. इसके अलावा हाथ कांपना, याददाश्त कमजोर होना, चिंता, अनिद्रा, चिड़चिड़ापन और एकाग्रता में कमी जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं. कुछ मामलों में सुनने और देखने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है.

किसी भी क्रीम का इस्तेमाल करने से बचें

जांच में लेड भी तय सीमा से अधिक पाया गया. एक्सपर्ट के अनुसार, लेड का त्वचा को गोरा करने में कोई साइंटफिक उपयोग नहीं है. इसकी मौजूदगी खराब गुणवत्ता वाले कच्चे माल या असुरक्षित निर्माण प्रक्रिया की ओर इशारा करती है. लेड शरीर में जमा होकर दिमाग, किडनी, ब्लड बनाने वाले अंगों और प्रजनन तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि लेड की कोई भी मात्रा पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जाती और अगर मरकरी के साथ इसका संपर्क हो तो स्वास्थ्य जोखिम और बढ़ जाता है. स्किन एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि केवल गोरा दिखने के लिए किसी भी क्रीम का इस्तेमाल करने से बचें. अगर चेहरे पर दाग-धब्बे या पिग्मेंटेशन की समस्या है तो पहले स्किन एक्सपर्ट से जांच कराएं.

इसे भी पढ़ें- क्या पूरी नींद लेने के बाद भी छाई रहती है थकान? इग्नोर किया तो हो सकती है गंभीर बीमारी!

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link