रोहित शर्मा को ‘अनचाहा’ क्यों बनाया जा रहा? अश्विन ने BCCI और सेलेक्टर्स पर उठाए बड़े सवाल

रोहित शर्मा को ‘अनचाहा’ क्यों बनाया जा रहा? अश्विन ने BCCI और सेलेक्टर्स पर उठाए बड़े सवाल


भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच बड़ा बयान दिया है. अश्विन का मानना है कि अगर भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं में रोहित शर्मा शामिल नहीं थे, तो उन्हें यह बात काफी पहले साफ तौर पर बता देनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि किसी भी दिग्गज खिलाड़ी को अपनी ही टीम में खुद को अनचाहा महसूस कराना सबसे गलत तरीका है.

चैंपियंस ट्रॉफी के बाद ही बता देना चाहिए था फैसला

अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा ‘अगर चयनकर्ताओं ने तय कर लिया था कि रोहित शर्मा 2027 विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं होंगे, तो यह फैसला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के तुरंत बाद ही बता देना चाहिए था’. उनके मुताबिक, इससे खिलाड़ी को अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता मिलती और लगातार चल रही अटकलों से भी बचा जा सकता था.

‘रोहित को अनचाहा महसूस मत कराइए’

अश्विन ने कहा ‘किसी भी खिलाड़ी के लिए इससे बुरा एहसास नहीं हो सकता कि जिस टीम के लिए उसने सालों तक खेला और अपनी पहचान बनाई, वहीं उसे यह महसूस कराया जाए कि अब उसकी जरूरत नहीं रही’. उन्होंने साफ कहा कि खिलाड़ियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए और उनके भविष्य को लेकर समय रहते स्पष्ट संवाद होना जरूरी है.

अपने संन्यास का भी किया जिक्र

अश्विन ने इस मुद्दे पर बात करते हुए अपने संन्यास का उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा, ‘बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में मैं ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ था. न्यूजीलैंड के खिलाफ हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और उसकी पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं. लेकिन जब हम ऑस्ट्रेलिया पहुंचे तो मुझे महसूस हुआ कि टीम मैनेजमेंट मुझे वहां नहीं चाहता.’

यह भी पढ़ें- BCCI ने बता दिया, रोहित शर्मा लॉर्ड्स ODI के बाद खेलेंगे या नहीं? सच से उठाया पर्दा

सीनियर खिलाड़ियों को लेकर उठाए सवाल

पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा कि भारतीय टीम में सीनियर खिलाड़ियों के करियर के आखिरी दौर को जिस तरह संभाला जा रहा है, उस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. उनके मुताबिक, खिलाड़ियों के योगदान का सम्मान होना चाहिए और किसी भी बड़े फैसले को पारदर्शिता के साथ लिया जाना चाहिए, ताकि किसी दिग्गज को अपने ही करियर के अंत में असहज स्थिति का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप-7 एक्टिव क्रिकेटर, विराट कोहली टॉप पर; देखें पूरी लिस्ट



Source link