Maryam Aurangzeb On Dangal: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की एक मंत्री ने कहा कि उन्हें 2017 में आमिर खान की ‘दंगल’ को उनके देश में प्रदर्शित नहीं होने देने का अफसोस है. पंजाब प्रांत की पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) सरकार की मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि जब ‘दंगल’ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भारत में रिलीज हुई थी तब वह सूचना मंत्री बनी ही थीं.
मरियम औरंगजेब ने एक लोकप्रिय पॉडकास्ट पर कहा, ‘‘हां, अगर मुझे संघीय सूचना मंत्री रहते हुए कोई एक बात का अफसोस है तो वह है पाकिस्तान में ‘दंगल’ की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाना.’ उन्होंने कहा, ‘‘सेंसर बोर्ड के प्रतिनिधियों और सूचना मंत्रालय के लोगों के साथ यह मेरी पहली बैठक थी और उन्होंने कुछ कारण बताते हुए फिल्म की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की.
मरियम औरंगजेब के वीडियो पर कमेंट्स
मरियम औरंगजेब ने जिस पॉडकास्ट शो पर दंगल मूवी को लेकर बयान दिया है, वह काफी तेजी वायरल हो रहा है. वीडियो पर कई सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट्स भी किया है. एक शख्स ने लिखा कि बहुत ज्यादा नुकसान हो गया वो फिल्म सिर्फ 2076 करोड़ ही कमा पाई. दूसरे यूजर ने लिखा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है. एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि टेंशन की कोई बात नहीं है, सिर्फ 500 और 1000 रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि, एक यूजर ने लिखा कि दंगल मूवी सिर्फ इसलिए पाकिस्तान में रिलीज नहीं हो पाई क्योंकि पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने भारतीय राष्ट्रगान को हटाने की मांग की थी. अब ये लोग बहाना दे रहे हैं. हमें इन लोगों की कोई जरूरत नहीं है.
भारत पर लगाया आरोप
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज पार्टी की सीनियर नेता और पंजाब प्रांत की मंत्री मरियम औरंगजेब ने भारत-विरोधी बयान दिया था. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि भारत अपने ही नागरिकों की मौत पर राजनीति कर रहा है.





