प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गोवा में करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने वाले बड़े गिरोह के कथित मास्टरमाइंड सिद्दीकी खान उर्फ सुलेमान खान को धर दबोचा है. कर्नाटक के कारवार के रहने वाले आरोपी सिद्दीकी खान को ईडी ने गुरुवार (16 जुलाई, 2026) को PMLA एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है.
क्या है पूरा मामला?
ED के मुताबिक, आरोपी और उसके साथियों ने फर्जी और पुराने तारीख वाले दस्तावेज तैयार कर गोवा की कीमती जमीनों पर कब्जा किया था. कई मामलों में जमीन के असली मालिकों की जगह मृत या काल्पनिक लोगों के नाम पर फर्जी कागजात बनाकर सरकारी रिकॉर्ड में मालिकाना हक बदल दिया गया. इसके बाद इन जमीनों को बेचने और विकसित करने की कोशिश की गई, जिससे भारी रकम कमाई गई.
ईडी की जांच में क्या हुआ खुलासा?
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में सामने आया है कि गिरोह ने करीब 25 हेक्टेयर (करीब 62.5 एकड़) की कीमती जमीन पर फर्जी तरीके से कब्जा किया था. एजेंसी ने अब तक इस मामले में कम से कम 300 करोड़ रुपये की अवैध कमाई का अनुमान लगाया है. हालांकि, मामले में अंतिम जांच के बाद ये रकम और बढ़ सकती है.
ये जांच गोवा पुलिस की तरफ से दर्ज कई एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर शुरू की गई थी. आरोपी पर जालसाजी, धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीनों का अवैध हस्तांतरण करने के आरोप लगाए गए हैं.
नॉर्थ गोवा के स्पेशल PMLA कोर्ट में आरोपी को किया गया पेश
ईडी ने आरोपी सिद्दीकी खान उर्फ सुलेमान खान को गिरफ्तार करने के बाद नॉर्थ गोवा में स्थित विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे पांच दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया. अब एजेंसी उससे पूछताछ कर पैसे के पूरे नेटवर्क, कब्जाई गई संपत्तियों और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है. इसके साथ ही, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मामले के तह तक जाने के लिए गंभीरता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ेंः ‘सेकेंड क्लास बोगियां होती हैं, यात्री नहीं…’, सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लगा दी भारतीय रेलवे की क्लास, क्या था मामला?






