भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रोहित शर्मा के संन्यास पर उड़ रही अफवाहों पर विराम लगा दिया है. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कर दिया है कि रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे के बाद भी टीम इंडिया के लिए खेलना जारी रखेंगे. दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद रोहित शर्मा वनडे फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लेंगे, लेकिन BCCI ने इन खबरों को झूठा बताया है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “मीडिया में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. मैं पूरे यकीन के साथ कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे.”
देवजीत सैकिया का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सेलेक्टर्स और कोच गौतम गंभीर ने 2027 वनडे वर्ल्ड काप की योजनाओं से रोहित शर्मा को बाहर कर दिया है. कयास लगाए जा रहे थे कि टीम मैनेजमेंट युवाओं को मौका देना चाहता है और यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग में मौका देने के लिए रोहित शर्मा को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है.
आगे भी खेलते रहेंगे रोहित शर्मा
BCCI सचिव ने आगे कहा, “रोहित शर्मा भारतीय वनडे टीम का नियमित हिस्सा हैं और जब तक उन्हें भविष्य की योजनाओं में शामिल किया जा रहा है, तब तक वे देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे. दूसरे शब्दों में कहूं तो लॉर्ड्स पर उनका आखिरी मैच नहीं होगा.”
सीरीज पर नजर डालें तो 2 मुकाबले पूरे होने के बाद भारत और इंग्लैंड एक-एक की बराबरी पर हैं. दोनों टीमों का तीसरा और सीरीज का निर्णायक मैच 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें:
क्रिकेट के सबसे ‘महान ऑलराउंडर’ का 89 साल की उम्र में निधन, खेल जगत में शोक की लहर






