कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर से एक अलग ही किस्म का मामला सामने आया है. 21वीं सदी में इस तरह के जादू टोने की खबर ने सभी को अचरज में डाल दिया है. मामला ये है कि अदालत में चल रहे केस में एक महिला ने अपने पक्ष में फैसला कराने के लिए जो कुछ किया, उसने एक बार सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
फैसला अपने पक्ष में कराने की कोशिश में एक 65 वर्षीय महिला को कथित तौर पर काला जादू करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. कर्नाटक पुलिस के अनुसार, मंजुला नाम की एक महिला फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं JMFC कोर्ट के परिसर में दाखिल हुई और जज की कुर्सी पर कथित तौर पर मंत्र फूंके हुए सफेद सरसों के दाने छिड़क दिए. बता दें कि ये पूरी घटना कोर्ट में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.
इस मामले के 2 दिन बाद जब सीसीटीवी फुटेज की जांच गई तो उस दौरान महिला की ये सारी हरकत सामने आई, जिसके बाद कोर्ट की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जज के चैंबर में जाकर टोना-टोटका किया
पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने केस का फैसला अपने पक्ष में चाहती थी, इसलिए उसने जज के चैंबर में जाकर टोना-टोटका किया. पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कर्नाटक अमानवीय कुप्रथाओं और काला जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम, 2017 के तहत मामला दर्ज किया है.
आरोपी महिला को भेजा गया जेल
कर्नाटक पुलिस ने आरोपी महिला मंजुला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है. पुलिस ये पता लगाने की भी कोशिश कर रही है कि इस मामले में क्या महिला के साथ और कोई भी शामिल था.
ये भी पढ़ें






