Best Places To Visit In Bihar During Monsoon: अगर आपको बारिश के मौसम में हरियाली, झरने और पहाड़ों के बीच सुकून भरे पल बिताना पसंद है, तो बिहार की कुछ जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए. मानसून आते ही यहां का नजारा पूरी तरह बदल जाता है. चारों ओर फैली हरियाली, ऊंचे-ऊंचे पहाड़, कल-कल बहते झरने और बादलों से घिरे खूबसूरत नजारे किसी जन्नत से कम नहीं लगते. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक इन जगहों का रुख करते हैं. चलिए आपको इनके बारे में बताते हैं.
करमचट डैम, रोहतास
रोहतास जिले के चेनारी के पास स्थित करमचट डैम मानसून में बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. सासाराम से करीब 35 किलोमीटर दूर मौजूद यह डैम सूर्योदय और सूर्यास्त के समय और भी आकर्षक लगता है. चारों तरफ फैली हरियाली और शांत वातावरण इसे परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए शानदार जगह बनाते हैं. बारिश के मौसम में यहां का प्राकृतिक सौंदर्य कई गुना बढ़ जाता है.
इसे भी पढ़ें- कम बजट में विदेश जैसी छुट्टियां! गुलमर्ग से खज्जियार तक, ये हैं भारत के खूबसूरत ‘स्विट्जरलैंड’
करकटगढ़ वॉटरफॉल, कैमूर
कैमूर वाइल्डलाइफ सेंचुरी के भीतर स्थित करकटगढ़ वॉटरफॉल बारिश के दिनों में अपनी पूरी रफ्तार में नजर आता है. लगभग 100 फीट ऊंचा और 300 फीट चौड़ा यह झरना दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करता है. आसपास का जंगल, पहाड़ और झरने की गूंज मिलकर ऐसा नजारा बनाते हैं जिसे देखकर कोई भी मंत्रमुग्ध हो जाए.
कैमूर की पहाड़ियां
अगर आप प्रकृति के साथ-साथ इतिहास में भी रुचि रखते हैं, तो कैमूर की पहाड़ियां आपके लिए बेहतरीन विकल्प हैं. यहां घने जंगल, गहरी घाटियां, प्राकृतिक गुफाएं और कई खूबसूरत झरने देखने को मिलते हैं. मानसून के दौरान इन पहाड़ियों की हरियाली और बढ़ जाती है, जिससे पूरा इलाका बेहद मनमोहक दिखाई देता है. यहां प्राचीन शैलचित्र और ऐतिहासिक अवशेष भी मौजूद हैं, जो इस जगह को और खास बनाते हैं.
विश्व शांति स्तूप, राजगीर
राजगीर की रत्नागिरी पहाड़ी पर लगभग 400 मीटर की ऊंचाई पर बना विश्व शांति स्तूप मानसून में बादलों के बीच बेहद आकर्षक नजर आता है. सफेद संगमरमर से बना यह स्तूप शांति और आध्यात्मिकता का अनूठा अनुभव कराता है. यहां तक पहुंचने के लिए रोपवे की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां से आसपास के पहाड़ों का शानदार दृश्य दिखाई देता है.
गुरपा हिल, गया
गया जिले में बिहार-झारखंड सीमा के पास स्थित गुरपा हिल प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है. बारिश के मौसम में यहां के जंगल, झरने और पहाड़ों का दृश्य देखते ही बनता है. पहाड़ी की चोटी से आसपास का मनोरम नजारा दिखाई देता है, जबकि यहां मौजूद गुरुपद मंदिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों को अपनी ओर आकर्षित करता है.
इसे भी पढ़ें- Rajasthan Monsoon Travel: मानसून में जन्नत बन जाता है राजस्थान, बारिश के मौसम में जरूर घूमें ये खूबसूरत जगहें






